एसजीआरआर विश्वविद्यालय में एनएसएस स्थापना दिवस पर छात्रों ने दिया सेवा का संदेश

देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (SGRR University) की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा एनएसएस स्थापना दिवस उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने समाज सेवा का संदेश दिया और मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह की शोभा बढ़ाई।

समाज सेवा का सबसे बड़ा मंच है एनएसएस – सुनैना रावत

कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के पटेल नगर कैंपस के ऑडिटोरियम में हुआ, जहाँ मुख्य अतिथि सुनैना रावत, राज्य समन्वयक, राष्ट्रीय सेवा योजना उत्तराखंड ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस अवसर पर प्रो. डॉ. प्रथप्पन के. पिल्लई (माननीय सलाहकार, एसजीआरआरयू), डॉ. लोकेश गम्भीर (कुलसचिव), डॉ. नवीन गौरव (एनएसएस समन्वयक) और डॉ. कमला ध्यानी (कार्यक्रम अधिकारी एनएसएस) भी मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि सुनैना रावत ने विश्वविद्यालय को एनएसएस की 3 स्वतंत्र इकाइयां (स्ववित्तपोषित यूनिट) प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने कहा – “एनएसएस युवाओं के लिए समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण का सबसे प्रभावी मंच है। यह योजना छात्रों में जिम्मेदारी, संवेदनशीलता, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करती है।”

उन्होंने स्वयंसेवकों से आह्वान किया कि वे ग्रामीण विकास, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

सेवा ही सच्ची शिक्षा का आधार – कुलसचिव

विश्वविद्यालय के माननीय सलाहकार प्रो. डॉ. प्रथप्पन के. पिल्लई ने कहा कि “राष्ट्रीय सेवा योजना समाज में सेवा और त्याग की भावना को प्रोत्साहित करती है। हर छात्र को इसे अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।”

वहीं, कुलसचिव डॉ. लोकेश गम्भीर ने छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “सेवा का भाव ही सच्ची शिक्षा का आधार है। युवा तभी सफल कहलाते हैं जब वे जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आते हैं।” उन्होंने भरोसा जताया कि एनएसएस स्वयंसेवक भविष्य में भी अपनी ऊर्जा और उत्साह को समाज कल्याण के लिए समर्पित करेंगे।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समा

एनएसएस स्थापना दिवस पर छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के डीन, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Read Next Article Scroll Down

Related Posts