देहरादून, 28 सितम्बर 2025। विश्व हृदय दिवस (World Heart Day) के अवसर पर श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के कार्डियोलॉजी विभाग ने रविवार को साइक्लोथॉन और वॉकथॉन का आयोजन कर लोगों को दिल की सेहत के प्रति जागरूक किया।
इस बार कार्यक्रम की थीम रही – “Don’t Miss a Beat”।
सैकड़ों डॉक्टर और हेल्थ स्टाफ ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
अभियान में अस्पताल के सैकड़ों डॉक्टर और हेल्थ स्टाफ शामिल हुए। हाथों में स्लोगन लिए प्रतिभागियों ने हृदय रोगों की रोकथाम, बचाव और समय पर उपचार के महत्व का संदेश दिया।
श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के चेयरमैन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने इस पहल की सराहना करते हुए टीम को शुभकामनाएँ दीं।
रैली का शुभारंभ और मार्ग
रविवार सुबह 6 बजे सूरी चौक, रेसकोर्स से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
मुख्य अतिथियों में –
- डा. अजय कुमार आर्य (निदेशक चिकित्सा शिक्षा, स्वास्थ्य विभाग उत्तराखंड)
- डा. अशोक नायक (प्राचार्य, श्री गुरु राम राय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड हेल्थ साइंसेज)
- डा. आर.पी. सिंह (को-ऑर्डिनेटर, एसजीआरआर विश्वविद्यालय)
- डा. अनिल मलिक (मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल)
- प्रो. (डा.) तनुज भाटिया (विभागाध्यक्ष, कार्डियोलॉजी विभाग)
ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली पुलिस लाइन, सिद्धार्थ रेसकोर्स और पंजाब नेशनल बैंक चौक से होकर वापस सूरी चौक पर संपन्न हुई।
विशेषज्ञों ने दिए स्वस्थ दिल के मंत्र
- डा. अजय आर्य ने कहा – “स्वस्थ दिल, खुशहाल जीवन” का मंत्र अपनाकर हर कोई लंबा और बेहतर जीवन जी सकता है।
- डा. तनुज भाटिया ने युवाओं और बुजुर्गों को संदेश दिया – “पानी ज्यादा, तनाव कम, दिल रहेगा हरदम नरम” और “तनाव भगाएँ, दिल को मुस्काएँ।”
उन्होंने धूम्रपान से दूरी और नियमित स्वास्थ्य जांच को हृदय रोगों से बचाव का सबसे बड़ा उपाय बताया।
विजेताओं को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के अंत में साइक्लोथॉन और वॉकथॉन के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर डा. रिचा शर्मा, डा. भावना प्रभाकर, डा. अनामिका गुप्ता, डा. मयंक अग्रवाल और फैकल्टी सदस्यों का विशेष योगदान रहा।
हृदय रोग से बचाव पर जोर
वरिष्ठ सर्जन डा. आर.के. वर्मा और प्लास्टिक सर्जन डा. संजय साधू ने कहा कि दिल की सेहत हर व्यक्ति के अपने हाथ में है। समय रहते सावधानी बरतकर हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है।
आयोजकों ने कहा – “एक स्वस्थ दिल से ही स्वस्थ परिवार और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।”कार्यक्रम का संचालन सिमरन अग्रवाल ने किया।



