हल्द्वानी के कुसुमखेड़ा में खुला उत्तराखंड महिला आयोग का कैम्प कार्यालय
– महिलाएं अब सीधे करा सकेंगी राज्य महिला आयोग के सम्मुख दर्ज उत्पीड़न संबंधी शिकायतें
रिपोर्ट- कमल जगाती
नैनीताल। उत्तराखंड महिला आयोग का कैम्प कार्यालय हल्द्वानी के कुसुमखेड़ा स्थित उत्तरांचल कॉलोनी में खुल गया। महिलाएं अब उत्पीड़न संबंधी शिकायतें सीधे राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष सायरा बानो के सम्मुख दर्ज करा सकेंगी। ‘तीन तलाक गर्ल’ के नाम से मशहूर शायरा बानो ने राज्य महिला आयोग का उपाध्यक्ष बनने के बाद हल्द्वानी के कुसुमखेड़ा में कुमाऊं के पहले कैम्प कार्यालय का उद्घाटन किया।
उपाध्यक्ष ने बताया कि, कार्यालय हर सोमवार को खुलेगा और वो सवेरे दस बजे से शाम पांच बजे तक बैठेंगी। महिलाएं अपने से जुड़े उत्पीड़न या अन्य मामलों को आयोग के सम्मुख बिना हिचक रख सकेंगी। सायरा बानो ने बताया कि, राज्य महिला आयोग की तरफ से समय-समय पर जागरूकता कैम्प चलाया जाएगा। उन्होंने ये भी बताया कि उनके उपाध्यक्ष का पद संभालने के बाद तलाक समेत उत्पीड़न की 100 शिकायतें आईं हैं, जिनमें कुछ का समाधान हुआ और कुछ विचाराधान है।
उन्होंने ये भी कहा कि, वो पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने को लेकर आश्वस्त हैं। शायरा बानो ने कहा कि, राज्य की महिलाओं को महिला कानून के अंतर्गत बने कानून से सुरक्षित रखा जाएगा। इस मौके पर आयोग की पूर्व उपाध्यक्ष अमित लोहनी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।