चकराता। 10 अक्टूबर।नीरज उत्तराखंडी
देहरादून जिले के कालसी विकासखंड के कचटा गांव में नीलम हत्याकांड के आरोपी पति मनोज को ग्रामीणों ने पकड़कर राजस्व पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद से गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आरोपी के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए कठोर दंड सुनिश्चित करने की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले पति-पत्नी के बीच कहासुनी के दौरान मनोज ने कथित तौर पर दराती से नीलम पर हमला कर दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर राजस्व पुलिस को सौंप दिया। ग्रामीणों का कहना है कि महिला के साथ हुई इस गंभीर वारदात में दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके।
अब राजस्व पुलिस की कार्रवाई पर नजर
आरोपी को ग्रामीणों द्वारा पकड़े जाने के बाद अब मामले में राजस्व पुलिस की आगे की कार्रवाई महत्वपूर्ण है। प्रकरण में जांच, साक्ष्यों के संकलन और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।






