सीएम का फर्जी जन्मदिन किसने किया वायरल!

 सीएम का फर्जी जन्मदिन किसने किया वायरल!
भूपेंद्र कुमार
20अक्तूबर, शुक्रवार का दिन उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत के लिए शुभकामनाओं से भरा ऐसा दिन था जो उनसे न उगलते बना,न निगलते।
 दिन भर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केदारनाथ दौरे में व्यस्त रहने के दौरान सोशल मीडिया पर सीएम त्रिवेंद्र रावत को शुभकामनाओं से भरे संदेश वायरल होते रहे। व्यस्तता के दौर में उन्होंने उस पर पहले तो ध्यान नहीं दिया किंतु जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्विटर पर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दे डाली तो फिर उनके सब्र का पैमाना छलक गया।
 फिर शुरू हुई खोज कि यह बेमौके का बर्थडे वायरल कहां से हुआ! लाख कोशिशों के बावजूद यह पता नहीं लगा अथवा बाद में इस पर चुप्पी साध ली गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिन में 2:16 पर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी और रात तक 1,000 से अधिक लोग उन्हें बधाई दे चुके थे। सरकारी दस्तावेजों के मुताबिक मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का जन्मदिन दिसंबर में है तथा उनका वास्तविक जन्मदिन 3 अक्टूबर को पड़ता है। हालांकि देर रात सूचना एवं लोक संपर्क विभाग ने स्पष्टीकरण दिया कि शुक्रवार को उनका कोई जन्मदिन नहीं था।
 
पर्वतजन ने इसकी तहकीकात की तो पता चला कि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को 20 अक्टूबर सुबह 9: 33 मिनट पर प्रदेश के सांसद तथा पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने अपनी शुभकामनाएं दी थी।
भगत सिंह कोश्यारी ने मुख्यमंत्री को अपनी शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि लोकप्रिय मुख्यमंत्री मेरे प्रिय अनुज श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत जी को जन्मदिन पर बधाई देते हुए आशा करता हूं कि आपके कुशल नेतृत्व में देवभूमि उत्तरोत्तर प्रगति पथ पर अग्रसर होगी।
गौरतलब है कि त्रिवेंद्र सिंह रावत कभी सांसद भगत सिंह कोश्यारी के बेहद करीबी हुआ करते थे।उत्तराखंड में पिछले चुनाव से ऐन पहले प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने की महत्वकांक्षा पाले भगत सिंह कोश्यारी के संबंध त्रिवेंद्र सिंह रावत से खराब हो गए। यहां तक कि उन्होंने अपने दूसरे करीबी तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट से भी मनभेद कायम कर लिए थे। ऐसे में बिना मौके के भगत सिंह कोश्यारी द्वारा त्रिवेंद्र सिंह रावत को जन्मदिन की शुभकामनाएं देना महज गलतफहमी करार नहीं दिया जा सकता। Facebook पर उन्हें शुभकामनाएं देते हुए भगत सिंह कोश्यारी ने एक ऐसी फोटो पोस्ट की है, जिसमें वह बहुत खुशनुमा माहौल में त्रिवेंद्र सिंह रावत के साथ बैठे हुए हैं।
भगत सिंह कोश्यारी का प्रदेश में काफी बड़ा राजनीतिक कद रहा है। संभवतः इसीलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ट्विटर अकाउंट संचालित करने वाले भी इस गलतफहमी में आ गए कि यदि कोश्यारी जी ने जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं तो इसके गलत होने का सवाल ही नहीं होता।
भगत सिंह कोश्यारी द्वारा सुबह-सुबह दी गई शुभकामनाओं की इस पोस्ट पर 71 कमेंट आए तथा इसे सैकड़ों समर्थकों ने शेयर किया। सिर्फ श्री कोशियारी की ही वॉल पर इस पोस्ट को 71 शेयर मिल चुके थे।
 यही नहीं भगत सिंह कोश्यारी ने अपने ट्विटर अकाउंट से भी त्रिवेंद्र सिंह रावत को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी।अब यह एक अहम सवाल है कि क्या भगत सिंह कोश्यारी त्रिवेंद्र सिंह रावत से बिगड़ गए सियासी संबंधों को पुनर्जीवित करना चाहते हैं!जन्मदिन की बधाई देना संबंधों को सुधारने के लिए एक अच्छी पहल था लेकिन बेमौके दी गई इस बधाई ने त्रिवेंद्र सिंह रावत को असहज स्थिति में ला खड़ा किया।श्री कोश्यारी ने सीएम को उनके असल जन्मदिन तीन अक्टूबर को विश नही किया, अब देखना यह है कि श्री कोश्यारी उनके दिसंबर मे आने वाले दस्तावेजी जन्मदिन पर उन्हें बधाई देते हैं या नहीं!

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts