सीएम ने देश मे पंहुचाया घेस का संदेश। अंतिम गांव हिमनी पँहुचकर मटर क्रांति का किया उत्साहवर्द्धन

मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत मंगलवार को चमोली जनपद के देवाल ब्लाक के अंतिम गांव हिमनी में किसानों के बीच उनके खेतों में पहुंचे।  किसानों/काश्तकारों के साथ बेमौसमी मटर की फसल कटाई का शुभांरभ करते हुए मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र ने किसानों का उत्साहवर्धन किया तथा जड़ी बूटी की खेती के साथ-साथ सब्जी उत्पादन के क्षेत्र को आर्थिकी का जरिया बनाने के लिए किसानों को हार्दिक शुभकामनाऐं दी। मुख्यमंत्री ने मटर के खेतों में जाकर मटर की फलियां भी तोडी।
मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि हिमनी क्षेत्र में मटर की खेती के लिए बहुत अच्छा क्लाइमेट है यहाॅ पर बेमौसमी मटर की खेती कर किसान बहुत अच्छी आजीविका कमा सकते है। उन्होंने कहा कि बेमौसमी मटर की खेती से काश्तकारों को अच्छे दाम तो मिलेंगे ही, साथ ही मटर के छिलके दुधारू पशुओं को खिलाकर दुग्ध उत्पादकता को भी बढाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मटर की जड़ों में नाइट्रोजन ग्रन्थियां होती है, जो मिट्टी की उत्पादकता और अधिक बढाने में मददगार साबित होती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले वर्षो में मटर की खेती को बढाने के लिए काश्तकारों को अच्छी किस्म का बीज व खाद उपलब्ध कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अखरोट, सेब व फूल उत्पादन की भी अपार सम्भावनाऐं है। कहा कि सीमांत क्षेत्रों में अखरोट एवं सेब की अच्छी किस्म की पौध काश्तकारों को उपलब्ध कराकर उनकी आर्थिकी को और मजबूत बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शीघ्र ही सब्जी भण्डारण एवं विपणन केन्द्र की व्यवस्था भी करायी जायेगी। इस वर्ष मटर की फसल से एक से डेढ करोड रूपये की आय काश्तकारों को होने की सम्भावना है। वही अगले वर्ष इस आय को 5 करोड़ रूपये पहुॅचाने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने घेस गांव में फाॅरेस्ट गेस्टहाउस का उच्चीकृत करने, राइका घेस में शिक्षकों की तैनाती करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि हिमनी जैसे सीमांत गांवों में 2018 तक प्राथमिकता के आधार पर बिजली पहुॅचायी जायेगी तथा जिन परिवारों तक बिजली नही पहुॅच सकी, उन्हें निःशुल्क सोलर ब्रीफकेश उपलब्ध कराया जायेगा। क्षेत्र में मोबाईल नेटवर्क की समस्या पर उन्होंने कहा कि बैलून टैक्नोलाॅजी के माध्यम से क्षेत्र को मोबाईल नेटवर्क से जोडा जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आॅली-वेदनी बुग्याल में पर्यटकों की सुविधाओं को भी विकसित किया जायेगा।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक श्री मगन लाल शाह ने अंतिम गांव हिमनी पहुॅचने पर सीएम का आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्र की समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक श्री मगन लाल शाह, कर्णप्रयाग विधायक श्री सुरेन्द्र सिंह नेगी, जिला पंचायत अध्यक्षा श्रीमति मुन्नी देवी शाह, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री मोहन प्रसाद थपलियाल, उपाध्यक्ष श्री अरूण मैठाणी, महामंत्री श्री पंकज डिमरी, मण्डल अध्यक्ष श्री गिरीश चन्द्र मिश्रा, ग्राम प्रधान हिमनी श्रीमति हरकी देवी अन्य जनप्रतिनिधियों सहित सचिव डा. डी सेथिल पाडियन, कमिश्नर गढवाल श्री दिलीप जावलकर, जिलाधिकारी श्री आशीष जोशी, पुलिस अधीक्षक सुश्री तृप्ति भट्ट, सीडीओ श्री विनोद गोस्वामी व जिला स्तरीय अधिकारी, क्षेत्रीय जनता उपस्थित थी।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts