उत्तरकाशी, 28 सितंबर।नीरज उत्तराखंडी
गंगोत्री रेंज के अंतर्गत कालिंदी पास सहित विभिन्न उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्वतारोहण एवं ट्रैकिंग के लिए गए हिमालय हाइकर्स समेत विभिन्न कंपनियों के 136 सदस्य अत्यधिक बर्फबारी और खराब मौसम के चलते अपनी-अपनी लोकेशन पर फंस गए।
मौसम की चुनौती के बीच प्रशासन और रेस्क्यू एजेंसियों ने अभियान तेज करते हुए सोमवार को 40 लोगों को हेलीकॉप्टर के माध्यम से सुरक्षित रेस्क्यू कर हर्षिल हेलीपैड पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, कालिंदी पास क्षेत्र समेत गंगोत्री रेंज के अलग-अलग उच्च हिमालयी इलाकों में बड़ी संख्या में पर्वतारोही और ट्रैकर्स मौजूद थे।
लगातार बर्फबारी और मौसम खराब होने से इनकी सुरक्षित वापसी चुनौतीपूर्ण हो गई थी। इसके बाद शासन-प्रशासन और संबंधित रेस्क्यू एजेंसियों ने समन्वित अभियान शुरू किया।
हिमालय हाइकर्स के भगत सिंह रावत ने बताया कि रेस्क्यू अभियान को सफल बनाने में पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश सिंह चौहान, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी तथा अपर जिलाधिकारी का विशेष सहयोग रहा। उन्होंने बताया कि प्रशासनिक स्तर पर लगातार समन्वय और आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि 40 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि उच्च हिमालयी क्षेत्रों में फंसे अन्य लोगों को भी सुरक्षित बाहर निकालने के लिए अभियान जारी है। खराब मौसम और अत्यधिक बर्फबारी के कारण रेस्क्यू दलों को चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में काम करना पड़ रहा है।
प्रशासन की ओर से भी सभी संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि उच्च हिमालय में फंसे सभी पर्वतारोहियों और ट्रैकर्स को सुरक्षित निकाला जा सके।


