यमुनोत्री–हर्षिल में बर्फबारी, आठ जिलों के लिए येलो अलर्ट

उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम एक बार फिर करवट लेता नजर आ रहा है। राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की खबरें सामने आ रही हैं। उत्तरकाशी जिले में स्थित यमुनोत्री धाम में बर्फ गिरने का सिलसिला जारी है, वहीं हर्षिल क्षेत्र से भी हल्की बर्फबारी के दृश्य देखने को मिले हैं।

 

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए राज्य के कई पर्वतीय जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। अलर्ट के दायरे में अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी जिले शामिल हैं। विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में मौसम बिगड़ सकता है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

 

पूर्वानुमान के मुताबिक बड़कोट, पुरोला, गंगोत्री, केदारनाथ, बद्रीनाथ, जोशीमठ, अगस्तमुनि, कपकोट, रानीखेत, लोहाघाट और टनकपुर समेत आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान में और गिरावट देखी जा सकती है।

 

बीते दिनों हुई बारिश और बर्फबारी के बाद पहाड़ों में ठंड का असर तेज हो गया है। तापमान गिरने से लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेने को मजबूर हैं। दूसरी ओर, बर्फबारी की खबरों के चलते बड़ी संख्या में पर्यटक हिल स्टेशनों की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे स्थानीय कारोबारियों को राहत मिली है और पर्यटन गतिविधियों में तेजी आई है।

 

हालांकि मौसम विभाग की चेतावनी यदि पूरी तरह प्रभावी होती है, तो स्थानीय लोगों की दिक्कतें बढ़ सकती हैं। हालिया बर्फबारी के दौरान प्रदेश के कई पर्वतीय जिलों में जनजीवन पहले ही प्रभावित हो चुका है। ऐसे में प्रशासन और आम लोगों को सतर्क रहने की जरूरत बताई जा रही है।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts