सपा नेता अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का 38 साल की उम्र में निधन

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के संस्थापक दिवंगत मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) के छोटे बेटे और भाजपा नेता अपर्णा यादव (Aparna Yadav) के पति प्रतीक यादव (Prateek Yadav) का बुधवार को निधन हो गया। 38 वर्षीय प्रतीक यादव की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब छह बजे प्रतीक यादव की तबीयत अचानक खराब हो गई। परिवार के लोग उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में लेकर पहुंचे, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मौत की असली वजह साफ नहीं हो पाई है। अस्पताल प्रशासन की ओर से अभी तक कोई मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है।

प्रतीक यादव के निधन की खबर फैलते ही राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में नेता और समर्थक सिविल अस्पताल पहुंचने लगे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

राजनीति से दूर रखते थे खुद को

प्रतीक यादव(Prateek Yadav) देश के चर्चित यादव परिवार का हिस्सा होने के बावजूद सक्रिय राजनीति से दूर रहते थे। उन्होंने ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी ऑफ लीड्स से पढ़ाई की थी। लखनऊ में उनका रियल एस्टेट और फिटनेस का कारोबार था।

प्रतीक यादव लखनऊ स्थित ‘फिटनेस प्लैनेट’ जिम के मालिक थे। इसके अलावा वह ‘जीव आश्रय’ नामक संस्था का संचालन भी करते थे। बिजनेस और फिटनेस सेक्टर में उनकी अलग पहचान मानी जाती थी।

2011 में हुई थी चर्चित शादी

प्रतीक यादव(Prateek Yadav) और अपर्णा यादव (Aparna Yadav) का विवाह 4 दिसंबर 2011 को सैफई में बेहद भव्य समारोह में हुआ था। दोनों की दोस्ती स्कूल के दिनों से शुरू हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदली। करीब 10 साल तक रिश्ते में रहने के बाद दोनों ने शादी की थी। उनके परिवार में पत्नी अपर्णा यादव और दो बेटियां हैं।

नेताओं ने जताया शोक

समाजवादी पार्टी ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि “प्रतीक यादव का निधन अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने भी दुख जताया। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी (Pankaj Chaudhary) समेत कई नेताओं ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

Parvatjan Team
Parvatjan Team
Parvatjan Team is dedicated to delivering the latest, accurate, and reliable news from Uttarakhand. We cover local issues, administrative updates, public interest stories, and breaking news in a clear and simple manner.

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts