जानकारी के मुताबिक, एसपी सीपी नौटियाल और उनके चालक के बीच पिछले कुछ समय से किसी बात को लेकर अनबन चल रही थी। इसी नाराजगी के चलते चालक ने कथित तौर पर एसपी पर फायरिंग कर दी। गोली उनके माथे के पास से निकल गई। घटना के बाद कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विवाद की असली वजह क्या थी और चालक ने किन परिस्थितियों में गोली चलाई। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।
योगी आदित्यनाथ की मां के अंतिम संस्कार के बीच हुई घटना
गौरतलब है कि शनिवार को ही हरिद्वार में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिवंगत मां सावित्री देवी का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली से कई मंत्री, विधायक और सांसद समेत बड़ी संख्या में वीवीआईपी हरिद्वार पहुंचे थे।
ऐसे में वीवीआईपी मूवमेंट के बीच आईबी के वरिष्ठ अधिकारी पर फायरिंग की घटना सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी हलचल मच गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी चालक से पूछताछ के आधार पर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।





