उत्तरकाशी, 20 नवंबर।नीरज उत्तराखंडी
धरासू थाना क्षेत्र में धरासू से रुणवासा के बीच एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त कार से एक व्यक्ति बरामद हुआ, जिसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो चुकी थी। एसडीआरएफ और पुलिस टीम द्वारा शव को खाई से निकालकर रोड हेड तक लाया जा रहा है। इसके बाद शव को पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिन्यालीसौड़ भेजा जाएगा।
दुर्घटना के समय कार में कोई अन्य व्यक्ति भी सवार था या नहीं, इसकी आशंका को देखते हुए एसडीआरएफ और पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास व्यापक खोजबीन एवं रेस्क्यू अभियान जारी रखा गया है। मृतक की पहचान तथा हादसे के कारणों की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।





