मोरी (उत्तरकाशी), नीरज उत्तराखंडी
मोरी विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत दोणी में एक दुखद हादसे में स्थानीय युवक संजय राणा का करंट लगने से आकस्मिक निधन हो गया। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संजय राणा किसी कार्य के दौरान मुख्य विद्युत लाइन की चपेट में आ गए। करंट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी हालत अत्यंत गंभीर हो चुकी थी। बाद में उनकी मृत्यु हो गई।
संजय राणा के असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव के लोग उन्हें मिलनसार और मेहनती स्वभाव का व्यक्ति बताते हैं। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र के ग्रामीण बड़ी संख्या में उनके घर पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से क्षेत्र में बिजली लाइनों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
संजय राणा के निधन से ग्राम पंचायत दोणी सहित पूरे मोरी क्षेत्र में शोक का माहौल है।




