देहरादून/ऋषिकेश: मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए देहरादून और ऋषिकेश क्षेत्र में आठ बहुमंजिला भवनों को सील कर दिया। संयुक्त टीम ने पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में यह कार्रवाई की। प्राधिकरण की इस सख्त कार्रवाई से अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया है।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के निर्देश पर यह पूरी कार्रवाई अमल में लाई गई। उन्होंने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्राधिकरण लगातार निगरानी कर रहा है और जहां भी बिना स्वीकृत मानचित्र या नियमों के विपरीत निर्माण कार्य पाए जाएंगे, वहां सख्त प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से भवन निर्माण से पहले सभी आवश्यक अनुमति और मानचित्र स्वीकृति लेने की अपील भी की।
संस्कृति लोक कॉलोनी से निर्मल बाग तक चला अभियान
एमडीडीए की टीम ने देहरादून की संस्कृति लोक कॉलोनी लेन नंबर-6बी से अभियान की शुरुआत की। यहां बिना स्वीकृत मानचित्र के किए जा रहे निर्माण को संयुक्त सचिव के आदेश पर सील किया गया।
इसके बाद टीम ऋषिकेश के मानवीय नगर लेन नंबर-10 पहुंची, जहां नियमों के विपरीत हो रहे निर्माण कार्य पर कार्रवाई की गई। लकड़घाट रोड, श्यामपुर क्षेत्र में भी अवैध बहुमंजिला निर्माण को सील कर दिया गया।
निर्मल बाग में कई भवनों पर कार्रवाई
ऋषिकेश के निर्मल बाग ब्लॉक-बी गली नंबर-11 विस्थापित क्षेत्र में एमडीडीए ने कई अवैध बहुमंजिला भवनों को सील किया। टीम ने यहां दो अलग-अलग स्थानों पर चल रहे निर्माण कार्यों को भी नियम विरुद्ध पाया और तत्काल प्रवर्तन कार्रवाई अमल में लाई।
प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार संबंधित भवन स्वामियों को पहले ही नोटिस जारी किए गए थे। बावजूद इसके निर्माण कार्य जारी रखा गया और संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। इसके बाद उत्तराखण्ड नगर एवं ग्राम नियोजन तथा विकास अधिनियम के तहत सीलिंग की कार्रवाई की गई।
निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि अधिकांश निर्माण कार्य बिना स्वीकृत नक्शे और तय मानकों के विपरीत किए जा रहे थे। एमडीडीए ने साफ किया है कि अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
अवैध निर्माणकर्ताओं में मचा हड़कंप
लगातार हो रही सीलिंग कार्रवाई के बाद देहरादून और ऋषिकेश क्षेत्र में अवैध निर्माण करने वालों में डर का माहौल है। प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले आवश्यक मानचित्र और अनुमति जरूर लें।




