Dehradun News: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से सनसनीखेज मामला सामने आया है। डालनवाला कोतवाली क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान एक पति पर अपनी पत्नी की हत्या करने का आरोप लगा है।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने पाटल से पत्नी के गले पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने बाद में हिरासत में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही डालनवाला पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। वहीं आरोपी पति रामजी लाल से पूछताछ की जा रही है।
तीन महीने पहले ही देहरादून आया था परिवार
जानकारी के मुताबिक, आरोपी रामजी लाल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अयोध्या का रहने वाला है। वह करीब तीन महीने पहले काम की तलाश में अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ देहरादून आया था।
बताया जा रहा है कि करीब 10 दिन पहले ही परिवार ने डालनवाला क्षेत्र के मोहनी रोड पर किराए का कमरा लिया था।
रामजी लाल और उसकी पत्नी दोनों राजमिस्त्री का काम करते थे।
काम पर जाने को लेकर हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह रामजी लाल काम पर नहीं गया था। इस दौरान उसकी पत्नी ने उसे काम पर जाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रामजी लाल ने गुस्से में पाटल से अपनी पत्नी के गले पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद फरार हुआ आरोपी
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
आरोपी के नशे का आदी होने की बात सामने आई
मृतका की बहन सोनू पाल ने बताया कि पति-पत्नी के बीच पहले किसी तरह के तनाव की जानकारी नहीं थी और रामजी लाल द्वारा पत्नी के साथ मारपीट किए जाने की भी कोई जानकारी नहीं थी। हालांकि, उन्होंने बताया कि रामजी लाल नशे का आदी था। घटना के समय भी उसके नशे में होने की बात सामने आई है।
पुलिस जांच में जुटी
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। हत्या के पीछे की पूरी वजह और घटना की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।
आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Disclaimer: पुलिस जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।


