रुड़की। हरिद्वार जिले के रुड़की में मंगलवार देर शाम हुए दो सगी बहनों के सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में हुई वारदात के बाद फरार हुए आरोपी भाई विवेक उर्फ विक्की को पुलिस ने भगवानपुर क्षेत्र के चुड़ियाला गांव से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल 315 बोर का तमंचा, मोटरसाइकिल और खोखे बरामद किए हैं।
गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला था रुड़की
मंगलवार 25 अगस्त की देर शाम गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के गणेशपुर और आजाद नगर-पनियाला रोड पर संतोषी माता मंदिर के सामने गली नंबर-5 में अचानक गोलियों की आवाज से हड़कंप मच गया था। पुलिस के अनुसार आरोपी विवेक ने अलग-अलग स्थानों पर जाकर अपनी दो सगी बहनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
गोली लगने से पुष्पा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल संगीता को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालांकि डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। घटना के दौरान आरोपी का जीजा भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
भांजे की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा
घटना के बाद गणेशपुर निवासी अर्जुन सिंह ने पुलिस को तहरीर दी। तहरीर में उसने अपने सगे मामा विवेक उर्फ विक्की पर अंधाधुंध फायरिंग कर उसकी मां और मौसी की हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर गंगनहर कोतवाली में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
चुड़ियाला गांव से दबोचा गया आरोपी
पुलिस की लगातार कार्रवाई के बाद आरोपी विवेक उर्फ विक्की को भगवानपुर कोतवाली क्षेत्र के चुड़ियाला गांव से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बहनों की हत्या करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने दावा किया कि उसे अपनी दोनों बहनों के आचरण को लेकर आपत्ति थी और उसने उन्हें समझाने का प्रयास किया था। आरोपी के अनुसार, जब उसकी बहनों ने उसकी बात नहीं मानी तो उसने गुस्से में दोनों की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में वारदात के बाद पछतावा होने की बात भी कही है।
हरिद्वार एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे संपत्ति विवाद, बहनों के चरित्र पर शक और पारिवारिक विवाद समेत कई बातें सामने आई हैं। पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी 315 बोर का तमंचा उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से खरीदकर लाया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल तमंचा, खोखे और मोटरसाइकिल बरामद की है।
बागपत में हुई थी दोनों बहनों की शादी
एसएसपी के मुताबिक आरोपी विवेक मूल रूप से भगवानपुर थाना क्षेत्र के चुड़ियाला गांव का रहने वाला है। उसकी जिन दोनों बहनों की हत्या हुई है, उनकी शादी उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में हुई थी। दोनों बहनें वर्तमान में रुड़की में रह रही थीं।
फिलहाल पुलिस आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर रही है। साथ ही वारदात के पीछे की पूरी वजह, घटनाक्रम और हथियार से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस अन्य साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ रही है।


