देहरादून, 1 अक्टूबर। राजधानी देहरादून के पटेल नगर थाना क्षेत्र स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में बुधवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां एक इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर कंपनी के जनरेटर रूम में दो इंजीनियर बेहोशी की हालत में मिले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान हुई
मृतकों की पहचान 29 वर्षीय रोहित सिंह, निवासी हरिद्वार और 26 वर्षीय लवकुश, निवासी फैजाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, दोनों सिंधु सेंटर स्थित ईशान नेट सोल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे और इंटरनेट मेंटेनेंस का काम करते थे।
तकनीकी समस्या के बाद जनरेटर रूम में गए थे
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 12:30 बजे तकनीकी समस्या आने के बाद दोनों इंजीनियर उसका निरीक्षण करने के लिए जनरेटर रूम में गए थे। इसके बाद बुधवार सुबह गार्ड ने दोनों को कमरे में अचेत अवस्था में देखा और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पटेल नगर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जनरेटर से निकली गैस से दम घुटने की आशंका
पुलिस के अनुसार, दोनों शवों का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया जनरेटर से निकली गैस के कारण दम घुटने से मौत होने की आशंका है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


