स्टोरी(कमल जगाती, नैनीताल):- ऊत्तराखण्ड में नैनीताल जिले के बैतालघाट इंटर कॉलेज में शिक्षकों की कमी को लेकर छात्राओं और अभिभावकों ने जोरदार प्रदर्शन किया। कॉलेज में बोर्ड परीक्षाएं नजदीक हैं और 12 शिक्षकों के पद रिक्त हैं।
गुरुवार को छात्राओं और अभिभावकों ने पहले बैतालघाट बाजार में रैली निकाली और फिर खंड शिक्षा कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। छात्राओं का कहना है कि शिक्षकों की कमी के कारण कई विषयों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी में मुश्किलें सामने आ रही हैं।
अभिभावक संघ और विद्यालय प्रबंधन समिति की ओर से 22 सितंबर को भी शिक्षा विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन दिया गया था। प्रदर्शनकारियों के अनुसार जिलाधिकारी स्तर से सात विषयों के शिक्षकों की तैनाती के निर्देश दिए गए थे, लेकिन शिक्षकों के कार्यभार ग्रहण नहीं करने से समस्या जस की तस बनी हुई है।
छात्राओं और अभिभावकों ने जल्द रिक्त पदों पर शिक्षकों की तैनाती की मांग की है। साथ ही मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी भी दी है।


