देहरादून, 3 अक्टूबर। नीरज उत्तराखंडी। अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), OBC एवं EBC वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए राहत की खबर है। शैक्षणिक वर्ष 2026-27 की छात्रवृत्ति के लिए National Scholarship Portal (NSP) पर Fresh और Renewal आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 नवंबर 2026 कर दी गई है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने बताया कि छात्र-छात्राओं के लिए छात्रवृत्ति आवेदन से संबंधित ऑनलाइन प्रक्रिया की अंतिम तिथि 30 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। इसके तहत पात्र विद्यार्थी Fresh एवं Renewal आवेदन निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन पूरा कर सकते हैं।
इसके साथ ही शैक्षणिक संस्थानों द्वारा विद्यार्थियों के आवेदनों के ऑनलाइन सत्यापन की समय-सीमा भी 30 नवंबर 2026 तक निर्धारित की गई है।
संस्थानों को सत्यापन के बाद आवेदन अग्रसारित करने के निर्देश
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने सभी विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों के प्रधानाचार्य, प्राचार्य, निदेशक एवं संस्थाध्यक्षों से कहा है कि पात्र विद्यार्थियों के छात्रवृत्ति आवेदन समय से पूर्ण कराए जाएं।
संस्थानों को विद्यार्थियों द्वारा जमा किए गए दस्तावेजों की जांच करने के बाद आवेदनों का ऑनलाइन सत्यापन कर उन्हें जनपद स्तर पर अग्रसारित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों ने पात्र छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना आवेदन पूरा करें। साथ ही शैक्षणिक संस्थानों से भी आवेदन प्रक्रिया और दस्तावेजों के सत्यापन में आवश्यक कार्रवाई समय पर पूरी करने को कहा गया है, ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित न रहे।


