- औचक निरीक्षण में मिलीं गंभीर खामियां, खाद्य सामग्री नष्ट कर रेस्टोरेंट कराया बंद; 14 दिन का सुधार नोटिस
देहरादून, 13 अक्टूबर। नीरज उत्तराखंडी
राजधानी देहरादून के प्रतिष्ठित दून क्लब स्थित हांडी रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी सामने आई है। रसोई और स्टोर रूम में कॉकरोच और चूहों की मौजूदगी, सड़ी-गली सब्जियां, कई दिन पुरानी खाद्य सामग्री, जाम नालियां और गंदगी मिलने के बाद संयुक्त निरीक्षण टीम ने रेस्टोरेंट को तत्काल बंद करा दिया। संचालक को 14 दिन का इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया है।
राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने मंगलवार को न्यू सर्वे रोड, करणपुर स्थित रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के रखरखाव और रसोई की स्वच्छता को लेकर कई गंभीर अनियमितताएं मिलीं।
फ्रीजर में मिलीं सड़ी सब्जियां
निरीक्षण में करीब एक सप्ताह पुरानी मोमोज और चाउमीन की सामग्री, दो दिन पुराने चावल तथा दो से तीन दिन पुराना गूंथा हुआ आटा पाया गया। डीप फ्रीजर में फूलगोभी, मूली, शिमला मिर्च, पत्तागोभी और आलू समेत कई सब्जियां सड़ी हुई मिलीं।
मसालों की थैलियों को चूहों द्वारा कुतरा हुआ पाया गया। बर्तन धोने वाले क्षेत्र में तीन से चार दिन पुराने जूठे बर्तन और जमा कूड़ा मिला। इसके अलावा नालियां जाम थीं और ड्रेनेज व्यवस्था भी खराब पाई गई।
जरूरी अभिलेख भी नहीं मिले
निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल प्रमाणपत्र और इस्तेमाल किए जा रहे पानी की जांच रिपोर्ट भी मौके पर उपलब्ध नहीं कराई गई। टीम ने इन कमियों को खाद्य सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर माना।
बासी खाद्य सामग्री नष्ट, तीन नमूने जांच को भेजे
टीम ने मौके पर करीब पांच किलो बासी चावल, 15 किलो सब्जियां, दो किलो मोमोज और बासी चिकन करी नष्ट कराई। वहीं पनीर, दूध और डीप फ्रीजर में रखी तैयार चिकन करी के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। इनकी जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
14 दिन में कमियां दूर नहीं हुईं तो लाइसेंस पर कार्रवाई
रेस्टोरेंट संचालक अभय सिंह नेगी को 14 दिन का इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया है। निर्धारित अवधि में कमियां दूर नहीं किए जाने पर खाद्य लाइसेंस निलंबित करने समेत नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने प्रतिष्ठित संस्थान में इस तरह की अनियमितताओं को चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा कि दून क्लब में वीवीआईपी और अनेक गणमान्य लोगों का आवागमन रहता है, ऐसे में भोजन की तैयारी, भंडारण और स्वच्छता में खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन जरूरी है।
निरीक्षण दल में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कपिल देव और रमेश सिंह तथा अभिहित अधिकारी मनीष सयाना शामिल रहे। मौके पर दून क्लब के अध्यक्ष मनोज सूरी भी मौजूद रहे।
अब निगाह जांच रिपोर्ट और अगले निरीक्षण पर
प्रतिष्ठित क्लब के रेस्टोरेंट की रसोई में यदि सड़ी खाद्य सामग्री, चूहों-कॉकरोचों की मौजूदगी और खराब स्वच्छता व्यवस्था पाई गई है तो यह केवल एक रेस्टोरेंट की लापरवाही का मामला नहीं, बल्कि नियमित खाद्य सुरक्षा निगरानी और आंतरिक स्वच्छता व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। अब देखना होगा कि 14 दिन के सुधार नोटिस के बाद कमियां वास्तव में दूर होती हैं या कार्रवाई कागजों तक सीमित रह जाती है।






