Dehradun News: उत्तराखंड सरकार ने महानवमी के अवसर पर 19 अक्टूबर 2026 (सोमवार) को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। शासन की ओर से इस संबंध में 17 अक्टूबर 2026 को आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई है। इस दिन प्रदेश के बैंक, कोषागार और उपकोषागार भी बंद रहेंगे।
उत्तराखंड में महानवमी पर छुट्टी का आदेश जारी
उत्तराखंड शासन के सचिव राजेंद्र कुमार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, राज्य में वर्ष 2026 के सार्वजनिक अवकाशों की पूर्व घोषित सूची में संशोधन किया गया है। निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट, 1881 के तहत सोमवार, 19 अक्टूबर 2026 को महानवमी का सार्वजनिक अवकाश घोषित करने का निर्णय लिया गया है।
इससे पहले शासन ने 24 दिसंबर 2025 को जारी अधिसूचना के माध्यम से वर्ष 2026 के सार्वजनिक अवकाश घोषित किए थे। अब महानवमी के अवकाश को लेकर उस अधिसूचना में आवश्यक संशोधन किया गया है। अन्य शर्तें पूर्ववत रहेंगी।
बैंक और कोषागार भी रहेंगे बंद
शासन के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि 19 अक्टूबर 2026 को महानवमी के अवसर पर घोषित सार्वजनिक अवकाश प्रदेश के बैंकों, कोषागारों और उपकोषागारों में भी लागू रहेगा। ऐसे में बैंकिंग या कोषागार से जुड़े जरूरी काम करने वाले लोगों को इस तारीख का ध्यान रखना चाहिए।







