गौशाला में घुसकर गाय को बनाया था शिकार
जानकारी के अनुसार, भीमताल के पांडेय गांव से लगे जिप्टी करकोटक क्षेत्र में कुछ दिन पहले एक गुलदार गौशाला में घुस गया था। गुलदार ने गोठ में बंधी गाय पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया था। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था।
ग्रामीण लगातार वन विभाग से गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग कर रहे थे। लोगों की नाराजगी और सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग ने उच्च स्तर से अनुमति मिलने के बाद प्रभावित क्षेत्र में पिंजरा लगाया था।
दिवाली की रात पिंजरे में कैद हुई मादा गुलदार
रविवार रात मादा गुलदार पिंजरे में कैद हो गई। क्षेत्रीय रेंज अधिकारी विजय मेलकानी ने बताया कि पकड़ी गई मादा गुलदार की उम्र करीब 8 से 9 वर्ष है। दो दिन पहले उसने एक गौशाला में घुसकर गाय को मार दिया था।
उन्होंने बताया कि विभागीय अनुमति मिलने के बाद क्षेत्र में पिंजरा लगाया गया था। दिवाली की रात गुलदार पिंजरे में कैद हो गया, जिसके बाद उसे तत्काल रानीबाग स्थित रेस्क्यू सेंटर पहुंचा दिया गया।
गुलदार पकड़े जाने से ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
गुलदार के पकड़े जाने के बाद जिप्टी करकोटक और आसपास के क्षेत्रों के लोगों ने राहत महसूस की है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि अब क्षेत्र में गुलदार की वजह से बना खतरा कम होगा।






