उत्तरकाशी। नीरज उत्तराखंडी
11 नवंबर 2026। भैयादूज के पावन पर्व पर विधि-विधान, वैदिक मंत्रोच्चार और विशेष पूजा-अर्चना के बीच विश्वप्रसिद्ध श्री यमुनोत्री धाम के कपाट बुधवार को शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।
पूर्वाह्न 10 बजकर 28 मिनट पर कपाट बंद होने की धार्मिक प्रक्रिया संपन्न हुई। इस दौरान धाम में मौजूद श्रद्धालुओं ने मां यमुना के जयकारों के साथ शीतकालीन यात्रा की मंगलकामना की।
कपाट बंद होने के पश्चात मां यमुना जी की उत्सव डोली को पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था के बीच शीतकालीन प्रवास खरसाली (खुशीमठ) के लिए रवाना किया गया। शनिदेव महाराज की अगुवाई में निकली डोली यात्रा में ढोल-दमाऊ की गूंज और मां यमुना के जयकारों से पूरा यमुनोत्री क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
खरसाली में होंगे मां यमुना के दर्शन
शीतकाल के दौरान श्रद्धालु अब मां यमुना के दर्शन एवं पूजा-अर्चना खरसाली स्थित मां यमुना मंदिर में कर सकेंगे। धार्मिक मान्यता के अनुसार कपाट बंद होने के बाद मां यमुना की पूजा शीतकालीन प्रवास स्थल पर ही संपन्न होती है।
कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की नियमित चारधाम यात्रा के एक महत्वपूर्ण चरण का भी समापन हुआ। प्रशासन एवं पुलिस ने यात्रा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं को बनाए रखने के लिए किए गए सहयोग के लिए श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों का आभार जताया है।
उत्तरकाशी पुलिस ने कहा कि शीतकालीन यात्रा को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के साथ आगामी वर्ष श्री यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए व्यवस्थाओं को मजबूत किया जाएगा।






