सरकारी सेवा से विदाई के बाद उत्तम कुमार ने फेसबुक पर एक भावुक पोस्ट साझा की। इसमें उन्होंने प्रदेश के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की व्यवस्था को लेकर अपनी निराशा जाहिर की। उनकी पोस्ट अब चर्चा का विषय बनी हुई है।
‘रोजगार नहीं दिला पा रहे तो अधिकारी बने रहने का क्या मतलब?’
उत्तम कुमार ने अपनी फेसबुक पोस्ट में लिखा कि युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार के अवसर उपलब्ध नहीं करा पाना उनके लिए बेहद दुखद है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब युवाओं को रोजगार ही नहीं दिला पा रहे हैं तो रोजगार अधिकारी बने रहने का क्या मतलब है?
उन्होंने आगे लिखा कि नए रास्तों और नई मंजिल की ओर बढ़ने के लिए लिया गया यह फैसला उन्हें आगे बढ़ने का हौसला देगा।
उनकी इस टिप्पणी को सरकारी सेवा छोड़ने के फैसले के साथ जोड़कर देखा जा रहा है। रोजगार व्यवस्था को लेकर एक वरिष्ठ अधिकारी की यह सार्वजनिक पीड़ा भी चर्चा में है।
हरिद्वार समेत कई जिलों में रहे जिला सेवायोजन अधिकारी
हरिद्वार निवासी उत्तम कुमार लंबे समय तक उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में जिला सेवायोजन अधिकारी के पद पर तैनात रहे। उन्होंने हरिद्वार समेत कई जिलों में युवाओं को रोजगार से जोड़ने से संबंधित कार्यों की जिम्मेदारी संभाली।
अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने रोजगार मेले, करियर काउंसलिंग और युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ने वाले कार्यक्रमों में काम किया।
सरकारी नौकरी छोड़ने के बाद रोजगार व्यवस्था पर उनकी टिप्पणी ने उत्तराखंड में युवाओं के रोजगार और सेवायोजन विभाग की भूमिका को लेकर नई चर्चा शुरू कर दी है।






