स्कूटी की टक्कर से शुरू किया विवाद, फिर लूट लिया 14 लाख का बैग
पुलिस के मुताबिक, 7 नवंबर 2026 को राजेश कुमार सोनी अपने साथियों के साथ जमीन के सौदे के सिलसिले में 14 लाख रुपये लेकर जा रहे थे। इसी दौरान पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र में इंद्रेश अस्पताल के पास कुछ युवकों ने उन्हें घेर लिया।
आरोप है कि युवकों ने पहले स्कूटी से टक्कर करवाकर विवाद शुरू किया। इसके बाद कार सवार लोगों के साथ मारपीट की और कार की पिछली सीट पर रखा नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।
गुप्तकाशी से दो और आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में पहले 9 नवंबर को सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी, जसमीत सिंह और शक्ति सिंह को गिरफ्तार किया था। इसके बाद 10 नवंबर को कर्ण यादव और सोहेल अख्तर उर्फ साहिल उर्फ सल्लू को भी गिरफ्तार किया गया।
अब पुलिस ने फरार चल रहे सिद्धांत बडोनी और दीपक सिंह शेखावत को रुद्रप्रयाग जिले के गुप्तकाशी से गिरफ्तार कर लिया है। इस तरह मामले में अब तक कुल सात आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।
आरोपियों से बरामद हुए 82 हजार रुपये
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सिद्धांत बडोनी के कब्जे से डकैती के 40 हजार रुपये और दीपक सिंह शेखावत के पास से 42 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।
इस तरह अब तक गिरफ्तार सात आरोपियों के कब्जे से कुल 3 लाख 2 हजार रुपये बरामद किए जा चुके हैं। पुलिस बाकी रकम और घटना में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
पांच से ज्यादा आरोपी होने पर डकैती की धाराएं जोड़ी गईं
एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। मामले से जुड़े सभी तथ्यों और पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि शुरुआत में मामले में लूट से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था, लेकिन घटना में पांच से अधिक आरोपियों की संलिप्तता सामने आने के बाद डकैती से संबंधित धाराएं भी शामिल की गई हैं।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, आरोपियों से पूछताछ और बरामदगी के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।






