ब्रेकिंग न्यूज़(कमल जगाती, नैनीताल):-
उत्तराखंड के नैनीताल में पर्यटकों की मिनी बस हादसे का शिकार हो गई। नैनीताल घूमकर लौट रहे पर्यटकों से भरी फोर्स अर्बेनिया घटगड़ गांव के समीप एक मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार पर्यटकों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही नैनीताल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में घायल पर्यटकों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया।
घटगड़ गांव के पास मोड़ पर पलटी पर्यटकों की मिनी बस
जानकारी के अनुसार, नैनीताल से कालाढूंगी होते हुए देहरादून जाने वाले राजकीय राजमार्ग पर घटगड़ गांव के समीप यह हादसा हुआ। हरियाणा नंबर की फोर्स अर्बेनिया (HR56C1444) में कुल 13 पर्यटक सवार थे। सभी पर्यटक नैनीताल घूमने के बाद वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान घटगड़ के पास एक मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और मिनी बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। अचानक हुए हादसे से वाहन में सवार पर्यटकों में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
हादसे के बाद राहत की बात यह रही कि फोर्स अर्बेनिया सड़क पर ही पलटी। यदि वाहन सड़क से नीचे खाई में गिर जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मल्लीताल पुलिस की टीम उपनिरीक्षक आशा बिष्ट के नेतृत्व में मौके पर पहुंची।
पुलिस ने स्थानीय स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य करते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकलवाया और उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
नैनीताल-कालाढूंगी मार्ग पर यातायात किया गया सुचारू
मिनी बस पलटने के कारण नैनीताल-कालाढूंगी मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ। हालांकि, पुलिस ने सड़क के एक तरफ से वाहनों की आवाजाही जारी रखी, जिससे मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित नहीं हुआ।
फिलहाल हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। वाहन में सवार पर्यटकों की पहचान और उनके संबंध में विस्तृत जानकारी भी सामने आनी बाकी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटा रही है।






