- पौड़ी गढ़वाल सहित आसपास के जनपदों के युवाओं के लिए रोजगार पाने का सुनहरा अवसर।
युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर लेकर आ रहा है मेगा रोजगार मेला! कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग, उत्तराखण्ड शासन द्वारा जिला प्रशासन पौड़ी गढ़वाल के सहयोग से दिनांक 01 दिसम्बर 2026 को डॉ. पी.डी. बड़थ्वाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोटद्वार में विशाल मेगा रोजगार मेला एवं करियर काउंसलिंग सेमिनार का आयोजन किया जा रहा है।
इस मेगा रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों की 40 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों एवं नियोक्ता संस्थानों के प्रतिभाग करने की संभावना है। इन कंपनियों द्वारा अपनी आवश्यकतानुसार योग्य अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने हेतु साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।
रोजगार मेले में विनिर्माण क्षेत्र, सिडकुल औद्योगिक इकाइयों, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME), होटल एवं हॉस्पिटैलिटी, रिटेल, मॉल, सेवा क्षेत्र तथा अन्य निजी प्रतिष्ठानों की कंपनियों के प्रतिभाग करने की अपेक्षा है। यह युवाओं को सीधे कंपनियों के प्रतिनिधियों से मिलने, अपनी योग्यता एवं कौशल प्रदर्शित करने तथा रोजगार के अवसर तलाशने का एक महत्वपूर्ण मंच होगा।
कौन-कौन से युवा प्रतिभाग कर सकते हैं?
इस रोजगार मेले में निम्नलिखित शैक्षिक एवं तकनीकी योग्यताधारी युवा प्रतिभाग कर सकते हैं:
- हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट (10वीं एवं 12वीं उत्तीर्ण)
- आईटीआई एवं पॉलिटेक्निक डिप्लोमा धारक
- स्नातक एवं परास्नातक अभ्यर्थी
- विभिन्न तकनीकी एवं गैर-तकनीकी योग्यताधारी युवा
जनपद पौड़ी गढ़वाल सहित आसपास के जनपदों के सभी बेरोजगार युवाओं से इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की जाती है। ऑनलाइन पंजीकरण एवं कंपनियों की जानकारी युवाओं की सुविधा के लिए रोजगार मेले में प्रतिभाग करने हेतु ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था की जा रही है।
अगले एक से दो दिनों के भीतर रोजगार मेले का ऑनलाइन पंजीकरण लिंक, QR कोड तथा प्रतिभाग करने वाली सभी कंपनियों का विवरण एवं उपलब्ध रोजगार अवसरों से संबंधित जानकारी आधिकारिक रोजगार पोर्टल पर उपलब्ध करा दी जाएगी।
आधिकारिक वेबसाइट: www.rojgarprayag.uk.gov.in अभ्यर्थियों से अनुरोध है कि वे नियमित रूप से उक्त वेबसाइट पर विजिट करें, कंपनियों एवं उपलब्ध रोजगार अवसरों की जानकारी प्राप्त करें तथा पंजीकरण लिंक सक्रिय होने पर अपना ऑनलाइन पंजीकरण अवश्य करें।
रोजगार मेले से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी
- दिनांक: 01 दिसम्बर 2026
- स्थान:डॉ. पी.डी. बड़थ्वाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोटद्वार
- प्रतिभाग करने वाली कंपनियां: 40 से अधिक कंपनियां
- पंजीकरण: ऑनलाइन लिंक एवं QR कोड शीघ्र जारी किया जाएगा।
अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे रोजगार मेले में अपना अद्यतन बायोडाटा/रिज्यूमे, शैक्षिक एवं तकनीकी प्रमाण-पत्र, आईटीआई/डिप्लोमा प्रमाण-पत्र (जहां लागू हो), पहचान पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आएं।
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, लैंसडौन द्वारा जनपद पौड़ी गढ़वाल एवं आसपास के क्षेत्रों के समस्त बेरोजगार युवाओं, विद्यार्थियों, आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों, डिप्लोमा धारकों एवं स्नातकों से अपील की जाती है कि वे इस अवसर का भरपूर लाभ उठाएं तथा अपने मित्रों, परिचितों एवं अन्य युवाओं तक भी इस जानकारी को पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक युवा इस रोजगार मेले से लाभान्वित हो सकें।
इस पहल का उद्देश्य उद्योगों एवं रोजगार के इच्छुक युवाओं के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करना, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना तथा उत्तराखण्ड के युवाओं को आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में सार्थक प्रयास करना है।






