जानकारी के अनुसार, बस संख्या UK09PA9779 हरिद्वार से बदरीनाथ की ओर जा रही थी। मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे गूलर के पास अचानक बस अनियंत्रित हो गई और पुल से नीचे गदेरे में जा गिरी।
हादसे के समय बस में करीब 30 यात्री सवार थे। बस के खाई में गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और SDRF
हादसे की सूचना डायल 112 के माध्यम से पुलिस को मिली। इसके बाद मुनिकीरेती थाना पुलिस के साथ गूलर, शिवपुरी और ब्यासी चौकी का पुलिस बल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ, फायर सर्विस और एंबुलेंस की टीमों को भी मौके पर बुलाया गया।
एसडीआरएफ की टीमों ने खाई में उतरकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस और फायर सर्विस के जवान भी रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे रहे। खाई में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया, जहां से उन्हें एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजने की व्यवस्था की गई।
एसडीआरएफ के इंचार्ज कविंद्र सजवाण के अनुसार, बस में करीब 30 यात्री सवार थे। हादसे में कई लोगों के घायल होने और 8 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। एसडीआरएफ की टीमें लगातार रेस्क्यू अभियान में जुटी हुई हैं।
घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस और प्रशासन के अधिकारी
हादसे की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर और मुनिकीरेती थाना प्रभारी समेत पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की निगरानी में राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। फिलहाल बस हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हादसे में घायल यात्रियों की सूची
अब तक सामने आई जानकारी के अनुसार, घायलों में शामिल हैं:
- मोहम्मद वहाब अंसारी (22), निवासी दुमका, झारखंड।
- राहुल कुमार (24), निवासी पटना, बिहार।
- अभिषेक (28), निवासी जसपुर, ऊधमसिंह नगर।
- प्रत्यूष (23), निवासी खटीमा, ऊधमसिंह नगर।
- अर्जुन सौरन (34), निवासी दुमका, झारखंड।
- बुधन मुर्मू (50), निवासी दुमका, झारखंड।
- आयरा (3), निवासी गुवाहाटी, असम।
- नूर जहां (26), निवासी गुवाहाटी, असम।
- राजकुमार (32), निवासी दुमका, झारखंड।
- जतिन (21), निवासी शाहदरा, दिल्ली।
- पंकज नेगी (31), निवासी धौलतीर, रुद्रप्रयाग।
- संतोष कुमार (38), निवासी जहानाबाद, बिहार।
- वीरेंद्र सिंह (58), निवासी कर्णप्रयाग, चमोली।
पहाड़ी मार्गों पर सुरक्षा को लेकर फिर उठे सवाल
ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर यातायात सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।






