QR कोड स्कैन करते ही मिलेगी बैकुण्ठ चतुर्दशी मेले की पूरी जानकारी, समस्त कार्यक्रमों की समय-सारणी अपने फोन पर होगी उपलब्ध

जयप्रकाश श्रीनगर गढ़वाल…… महापौर आरती भंडारी ने किया विशेष QR कोड लॉन्च, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मिलेगी डिजिटल सुविधा; मेले को तकनीक से जोड़ने की नगर निगम की पहल श्रीनगर गढ़वाल। बैकुण्ठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी-2026 को इस बार और अधिक सुविधाजनक एवं तकनीक के अनुकूल बनाने के लिए नगर निगम श्रीनगर ने डिजिटल […]

जयप्रकाश
श्रीनगर गढ़वाल……

  • महापौर आरती भंडारी ने किया विशेष QR कोड लॉन्च, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मिलेगी डिजिटल सुविधा; मेले को तकनीक से जोड़ने की नगर निगम की पहल

श्रीनगर गढ़वाल। बैकुण्ठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी-2026 को इस बार और अधिक सुविधाजनक एवं तकनीक के अनुकूल बनाने के लिए नगर निगम श्रीनगर ने डिजिटल पहल की है। 23 नवंबर से 2 दिसंबर तक आयोजित होने वाले मेले में आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और आमजन को अब कार्यक्रमों की जानकारी के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। नगर निगम की ओर से विशेष QR कोड लॉन्च किया गया है, जिसे मोबाइल से स्कैन करते ही पूरे मेले की जानकारी एक क्लिक पर उपलब्ध हो जाएगी।

महापौर आरती भंडारी ने QR कोड स्कैनर लॉन्च करते हुए बताया कि इस डिजिटल सुविधा के माध्यम से लोग मेले में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की सूची, उनकी तिथि और समय-सारणी के साथ ही मेला स्थल की गूगल लोकेशन भी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। मोबाइल से QR कोड स्कैन करते ही संबंधित जानकारी स्क्रीन पर उपलब्ध हो जाएगी। इससे विशेष रूप से श्रीनगर से बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मेला स्थल तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी। साथ ही लोग अपनी सुविधा के अनुसार पहले से ही कार्यक्रमों की जानकारी लेकर मेले में शामिल हो सकेंगे।

महापौर आरती भंडारी ने कहा कि बैकुण्ठ चतुर्दशी मेला श्रीनगर की धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक पहचान का महत्वपूर्ण आयोजन है। मेले में स्थानीय लोगों के साथ ही दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में सभी को समय पर और आसानी से जानकारी उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से इस बार मेले को डिजिटल माध्यम से भी जोड़ा गया है।

उन्होंने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि पारंपरिक मेले की सांस्कृतिक गरिमा को बनाए रखते हुए आधुनिक तकनीक के माध्यम से व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जाए। QR कोड की यह सुविधा लोगों को एक ही स्थान पर सभी जरूरी जानकारियां उपलब्ध कराने में मददगार साबित होगी।

अब मेले में क्या होगा, कब होगा और मेला स्थल कहां है इन सभी सवालों का जवाब सिर्फ एक QR कोड स्कैन करते ही मोबाइल पर मिल जाएगा। नगर निगम की यह पहल बैकुण्ठ चतुर्दशी मेले को डिजिटल सुविधा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

QR कोड लॉन्चिंग के अवसर पर नगर आयुक्त नुपुर वर्मा, सहायक नगर आयुक्त गायत्री बिष्ट एवं निगम के पार्षद नरेंद्र रावत, विजय चमोली, धर्म सिंह रावत, राजकुमार, अनुराग चौहान जी उपस्थित रहे।

Also Read This

01 दिसम्बर को यहां लगेगा विशाल मेगा रोजगार मेला – 40 से अधिक कंपनियां करेंगी प्रतिभाग!

पौड़ी गढ़वाल सहित आसपास के जनपदों के युवाओं के लिए रोजगार पाने का सुनहरा अवसर।युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर लेकर आ...

भाजपा मिशन-2027 : विधायकों के रिपोर्ट कार्ड की कसौटी पर टिकट। कमजोर फीडबैक वाले चेहरों पर संगठन की नजर

बीएल संतोष की बैठक के बाद सियासी हलचल तेज, कमजोर फीडबैक वाले चेहरों पर संगठन की नजर; सात टिकट कटने की चर्चा अभी...
Parvatjan Team
Parvatjan Team
Parvatjan Team is dedicated to delivering the latest, accurate, and reliable news from Uttarakhand. We cover local issues, administrative updates, public interest stories, and breaking news in a clear and simple manner.

Related Posts