वायरल वीडियो में लोगों से पैसे लेते दिख रहा कर्मचारी
जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो वन विभाग कार्यालय में तैनात एक प्रधान सहायक का बताया जा रहा है। वीडियो में कर्मचारी कुछ लोगों से रकम लेते हुए दिखाई दे रहा है। इस दौरान वह पैसे कम होने की बात भी कहता नजर आ रहा है।
हालांकि, वीडियो में दिखाई दे रही रकम किस काम के बदले ली जा रही थी और इस लेनदेन के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि भी नहीं हुई है।
वन विभाग ने शुरू की विभागीय जांच
वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग के अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया है। संबंधित प्रधान सहायक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई किए जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं, पूरे प्रकरण की सच्चाई सामने लाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
SDO ज्वाला प्रसाद गौड़ ने दिए जांच के संकेत
इस मामले में रुड़की के उप प्रभागीय वनाधिकारी (SDO) ज्वाला प्रसाद गौड़ का बयान भी सामने आया है। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है। पूरे मामले की बारीकी से जांच-पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
फिलहाल वन विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा लेनदेन किस उद्देश्य से किया गया था और इस मामले में संबंधित कर्मचारी की क्या भूमिका है।





