गनर बदलने पर भड़के विधायक हरीश धामी! बोले यदि मेरी हत्या होती है तो इसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।

देहरादून/पिथौरागढ़: उत्तराखंड में जौलजीबी मेले के दौरान हुए विवाद के बाद अब धारचूला से कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। विधायक ने राज्यपाल को पत्र लिखकर अपनी सुरक्षा में पहले से तैनात गनर को हटाए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने नए गनर की तैनाती को अपने […]

देहरादून/पिथौरागढ़: उत्तराखंड में जौलजीबी मेले के दौरान हुए विवाद के बाद अब धारचूला से कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं।
विधायक ने राज्यपाल को पत्र लिखकर अपनी सुरक्षा में पहले से तैनात गनर को हटाए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने नए गनर की तैनाती को अपने खिलाफ साजिश बताते हुए आशंका जताई है कि उनकी लोकेशन और गतिविधियों की जानकारी सरकार तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह बदलाव किया गया है। साथ ही उन्होंने पुराने गनर को दोबारा तैनात करने की मांग की है।

पुराने गनर को हटाने पर विधायक ने जताई नाराजगी

हरीश धामी ने राज्यपाल को लिखे पत्र में कहा है कि वह वर्तमान में सरकार और मुख्यमंत्री के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। इसी कारण उनकी सुरक्षा में पहले से तैनात गनर को हटाकर नया गनर नियुक्त किया गया है। विधायक ने आशंका जताई कि नए गनर की तैनाती के पीछे उनकी पल-पल की खबर और लोकेशन सरकार तक पहुंचाने का उद्देश्य हो सकता है। उन्होंने यह भी आशंका व्यक्त की है कि उचित मौका मिलने पर उनकी हत्या कराई जा सकती है।

विधायक ने राज्यपाल से संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर पुराने गनर को फिर से उनकी सुरक्षा में तैनात करने का अनुरोध किया है। उन्होंने साफ कहा है कि यदि पुराना गनर वापस नहीं दिया जाता है तो उन्हें नए गनर की भी आवश्यकता नहीं है। उनके मुताबिक, नए गनर की तैनाती से उनकी निजता प्रभावित हो रही है।

‘मेरे साथ कोई अप्रिय घटना हुई तो जिम्मेदार सरकार होगी’

हरीश धामी ने पत्र में चेतावनी दी है कि भविष्य में उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है या उनकी हत्या होती है तो इसकी जिम्मेदारी मुख्यमंत्री और सरकार की होगी।

उन्होंने अपने फेसबुक पोस्ट में भी इस मुद्दे पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। विधायक ने लिखा कि जनहित की आवाज उठाना कोई अपराध नहीं है। उन्होंने कहा कि धारचूला की जनता के अधिकारों और क्षेत्रीय मुद्दों को उठाने वाले जनप्रतिनिधि की सुरक्षा में बदलाव चिंताजनक है।

उन्होंने राज्यपाल से इस मामले में हस्तक्षेप कर पुराने गनर को पुनः बहाल करने के निर्देश देने की मांग की है।

जौलजीबी मेले में हुए हंगामे के बाद बढ़ा सियासी विवाद

गौरतलब है कि इस पूरे सियासी विवाद की शुरुआत बीते 14 नवंबर को जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह के दौरान हुई थी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मेले का उद्घाटन किया था। हालांकि, कार्यक्रम में स्थानीय विधायक हरीश धामी को संबोधन का मौका नहीं मिला।

इसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया और मंच पर जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान कुर्सियां और माइक क्षतिग्रस्त किए जाने की बात सामने आई थी। पुलिस ने इस मामले में विधायक हरीश धामी समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।

जौलजीबी मेले के विवाद के बाद अब विधायक की सुरक्षा को लेकर राज्यपाल को लिखे गए पत्र ने उत्तराखंड की सियासत में एक नया मुद्दा खड़ा कर दिया है।

Also Read This

बड़ी खबर: रुड़की वन विभाग में पैसों के लेनदेन का वीडियो वायरल, प्रधान सहायक पर आरोप; जांच शुरू

हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रुड़की में वन विभाग कार्यालय से कथित अवैध पैसों के लेनदेन का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया...

बड़ी खबर: डीएम का चढ़ा पारा,अधिकारियों को लगाई फटकार । बोले- नौकरी छोड़ मुनीमगिरी कर लो

ब्रेकिंग न्यूज़(कमल जगाती, नैनीताल):-उत्तराखंड के नैनीताल जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत बन रही सड़कों की गुणवत्ता और कार्यप्रणाली को लेकर...
Parvatjan Team
Parvatjan Team
Parvatjan Team is dedicated to delivering the latest, accurate, and reliable news from Uttarakhand. We cover local issues, administrative updates, public interest stories, and breaking news in a clear and simple manner.

Related Posts