मामला छात्रा आस्था खरे से जुड़ा है। उनके पिता अनुराग खरे ने विश्वविद्यालय में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि उनकी बेटी के नीट स्कोरकार्ड में 315 अंक हैं, जबकि विश्वविद्यालय की काउंसलिंग सूची में उसके अंक 215 दर्शाए गए हैं। इस तरह दोनों स्कोरकार्ड में 100 अंकों का अंतर सामने आया है।
विश्वविद्यालय के उप कुलसचिव संजीव कुमार पाण्डेय की ओर से 24 नवंबर को जारी पत्र के अनुसार, छात्रा के पिता ने 23 नवंबर को ई-मेल के माध्यम से शिकायत भेजी थी। शिकायत के साथ उन्होंने 315 अंकों का स्कोरकार्ड और दो अलग-अलग आवेदन फॉर्म भी प्रस्तुत किए। इनमें एक आवेदन में 315 अंक, जबकि दूसरे में 215 अंक दर्ज थे।
मामले को काउंसलिंग बोर्ड के समक्ष रखा गया। बोर्ड ने उपलब्ध दस्तावेजों और शिकायत को देखते हुए प्रकरण को संदिग्ध एवं अवांछनीय माना। इसके बाद विश्वविद्यालय को प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए गए। विश्वविद्यालय ने भी संबंधित पत्र के माध्यम से मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई और जांच कराने का आग्रह किया है।
जांच के बाद साफ होगी अंकों के अंतर की वजह
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि नीट स्कोरकार्ड और काउंसलिंग आवेदन में अंकों का अंतर किसी तकनीकी या मानवीय त्रुटि के कारण हुआ है अथवा दस्तावेजों में जानबूझकर बदलाव किया गया। जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी। अभी छात्रा पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।






