जानकारी के मुताबिक, शिवगढ़ गांव निवासी कमलेश पौड़ी गढ़वाल जिले के जहरीखाल में सहायक समाज कल्याण अधिकारी के पद पर तैनात हैं। इन दिनों वह छुट्टी पर अपने गांव आए हुए थे।
इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि उनके परिवार का एक युवक गांव की ही युवती के साथ प्रेम प्रसंग के चलते घर से भागकर शादी कर चुका है। बताया जा रहा है कि प्रेमी युगल को हाईकोर्ट से सुरक्षा प्रदान करने के आदेश भी मिले हुए हैं।
इस मामले को लेकर युवती पक्ष के ग्रामीणों ने गांव में पंचायत बुलाई थी। पंचायत में कमलेश भी मौजूद थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि धर्मेंद्र, अमरपाल और वेदपाल राणा ने कमलेश पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में उनकी गर्दन और दाएं कंधे पर चोटें आईं। अचानक हुए हमले से पंचायत में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कमलेश का मेडिकल परीक्षण कराया। इसके बाद तीनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस के अनुसार,मामले में तीन आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।





