देहरादून: अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े नए विवाद में जीरो एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य गुरुवार को खुद देहरादून के राजपुर थाने पहुंच गए। उन्होंने पुलिस के सामने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि यदि उनके खिलाफ मामला बनता है तो उन्हें गिरफ्तार किया जाए। इस दौरान विनोद आर्य ने अपना नार्को टेस्ट कराने की इच्छा भी जताई। साथ ही उन्होंने अंकिता के माता-पिता और मामले में आरोप लगाने वाले अन्य लोगों का भी नार्को टेस्ट कराने की मांग की।
निजी वॉट्सऐप चैट सार्वजनिक करने के आरोप में दर्ज हुई जीरो FIR
दरअसल, अंकिता भंडारी के माता-पिता ने 25 नवंबर को देहरादून स्थित पुलिस मुख्यालय पहुंचकर अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) से मुलाकात की थी। उन्होंने विनोद आर्य और उनके अधिवक्ता अनुज पुंडीर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
परिजनों की शिकायत में आरोप लगाया गया कि अंकिता की निजी वॉट्सऐप चैट सार्वजनिक कर उनकी छवि और स्मृति को ठेस पहुंचाई गई। इस शिकायत के आधार पर देहरादून के राजपुर थाने में विनोद आर्य और उनके अधिवक्ता के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज की गई। इसके बाद मामले को जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए हरिद्वार नगर कोतवाली स्थानांतरित कर दिया गया।
गिरफ्तारी की मांग लेकर खुद थाने पहुंचे विनोद आर्य
एफआईआर दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद विनोद आर्य गुरुवार को राजपुर थाने पहुंच गए। उन्होंने पुलिस से कहा कि उन्हें भी उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज होने की जानकारी मिली है, इसलिए वह खुद अपना पक्ष रखने थाने आए हैं। उन्होंने कहा कि यदि उनके खिलाफ मामला बनता है तो पुलिस उन्हें गिरफ्तार करे।
विनोद आर्य ने पूरे मामले में निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि किसी के साथ पक्षपात नहीं होना चाहिए और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई होनी चाहिए।
अंकिता के माता-पिता समेत सभी का नार्को टेस्ट कराने की मांग
थाने में विनोद आर्य ने अपना नार्को टेस्ट कराने की बात कही। उन्होंने मांग की कि अंकिता के माता-पिता समेत इस मामले में आरोप लगाने वाले अन्य लोगों का भी नार्को टेस्ट कराया जाए।
विनोद आर्य ने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाना है तो उसके साथ अन्याय करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने सभी पक्षों की जांच निष्पक्ष तरीके से किए जाने की बात दोहराई।
कई दिनों से कार्रवाई की मांग कर रहे थे अंकिता के माता-पिता
अंकिता के माता-पिता पिछले कई दिनों से विनोद आर्य और उनके अधिवक्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए अधिकारियों से मुलाकात कर रहे थे। उन्होंने तीन दिन पहले राजपुर थाने में भी शिकायत दी थी। हालांकि, पुलिस की ओर से मामला हरिद्वार में दर्ज किए जाने की बात कही गई थी।
इसके बाद बुधवार को अंकिता के माता-पिता देहरादून के गांधी पार्क में धरने पर बैठ गए। उसी दिन पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत कांग्रेस के कई नेता उनके समर्थन में पुलिस मुख्यालय पहुंचे और एफआईआर दर्ज करने की मांग उठाई।
अब जीरो एफआईआर दर्ज होने और विनोद आर्य के खुद थाने पहुंचने के बाद अंकिता भंडारी प्रकरण से जुड़ा यह नया विवाद एक बार फिर चर्चा में है। हरिद्वार नगर कोतवाली में स्थानांतरित मामले की आगे की जांच और पुलिस कार्रवाई पर सबकी नजर रहेगी।





