बिग ब्रेकिंग : विधायक चैंपियन की भाजपा से बर्खास्तगी तय। केंद्रीय नेतृत्व को संस्तुति।

भाजपा से निलंबित चल रहे विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन को आखिरकार पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। भाजपा के सदस्यता प्रमुख शिवराज सिंह चौहान ने हरिद्वार में प्रेस को बताया कि प्रदेश भाजपा द्वारा कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन को बर्खास्त किए जाने की संस्तुति की गई थी जिसे केंद्रीय नेतृत्व को सौंप दिया गया है।
 भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू ने भी कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन को भाजपा से निष्कासित किए जाने संबंधी पत्र को केंद्रीय नेतृत्व को भेजे जाने की पुष्टि करते हुए कहा कि अब केंद्रीय नेतृत्व को ही इस पर फैसला करना है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार अब कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के निष्कासन पर केंद्रीय नेतृत्व की मुहर लगना ही बाकी है।
गौरतलब है कि प्रणव सिंह चैंपियन का एक वीडियो कल वायरल हुआ था , जिसमें कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन उत्तराखंड राज्य का अपमान करते हुए आपत्तिजनक बातें कहते हुए पाए गए।
 इसके बाद राज्य में चौतरफा कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन का विरोध शुरू हो गया था। आज दोपहर उत्तराखंड क्रांति दल नैनीताल के युवा उक्रांद जिला अध्यक्ष कार्तिक उपाध्याय के नेतृत्व में चैंपियन का पुतला भी फूंका गया था।
 इसके अलावा पर्वतजन के कार्यकारी संपादक गजेंद्र रावत ने भी कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन द्वारा राज्य का अपमान किए जाने पर मुकदमा दर्ज करने हेतु देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाने में भी तहरीर दे दी है।
 कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन की चौतरफा निंदा के चलते भाजपा को भी फजीहत झेलनी पड़ रही थी जिसके चलते प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने केंद्रीय नेतृत्व को कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के निष्कासन संबंधित संस्तुति कर दी। इससे पहले भाजपा के राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी ने भी कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने के संकेत देेे दिए थे।
 अब चैंपियन का भाजपा से निष्कासन तय माना जा रहा है। राजनीतिक सूत्रों का कहना हैै कि कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन यदि भाजपा से निष्कासित होतेेे हैं तो वह बसपा में जा सकते हैं।
कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन भले ही पार्टी से निष्कासित कर दिए जाएं लेकिन यदि तहरीर के आधार पर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ तो चैंपियन की मुश्किलें बढ़ सकती है।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts