देहरादून में पत्रकार की मौत के मामले में आरोपी के खिलाफ हत्या समेत गंभीर आरोपों में केस दर्ज

kiदेहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक पत्रकार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। मृतक पत्रकार के भाई की शिकायत पर राजपुर थाने में एक अन्य पत्रकार अमित सहगल के खिलाफ हत्या, लूट और हमले की गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

यह मामला 16 दिसंबर की रात करीब 11:56 बजे भारतीय न्याय संहिता की धारा 103, 304, 333 और 352 के अंतर्गत पंजीकृत हुआ। शिकायतकर्ता अरविंद मिश्रा, जो लखनऊ के आलमबाग क्षेत्र के निवासी हैं, ने आरोप लगाया है कि 15 दिसंबर की रात अमित सहगल अपने एक साथी के साथ जाखन क्षेत्र में स्थित पंकज मिश्रा के किराए के घर पर पहुंचे और जानलेवा इरादे से उन पर हमला किया।

शिकायत के अनुसार, हमलावरों ने पंकज मिश्रा के छाती और पेट पर मुक्के और लातें मारीं, जिससे उनके मुंह से रक्तस्राव होने लगा। इसके अलावा, आरोपियों ने पंकज का मोबाइल फोन छीन लिया। जब उनकी पत्नी लक्ष्मी ने पुलिस को सूचित करने का प्रयास किया तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार किया गया।

घटना के बाद गंभीर रूप से घायल पंकज मिश्रा ने एक राहगीर के फोन से पुलिस को जानकारी दी। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन चोटों की गंभीरता और परिवार के डर के कारण सुबह मेडिकल परीक्षण कराने का निर्णय लिया गया।

16 दिसंबर की सुबह लगभग तीन बजे पंकज मिश्रा की हालत अचानक बिगड़ गई। दर्द से पीड़ित होकर वे बिस्तर से उठे और बेहोश होकर गिर पड़े। तत्काल उन्हें एंबुलेंस से दून अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर असंतोष जताते हुए डॉक्टरों के पैनल से दोबारा परीक्षण की मांग की है। बुधवार को पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

पुलिस ने जाखन में पंकज मिश्रा के निवास स्थान का मौका मुआयना किया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इस बीच, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पत्रकार की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है और मामले की निष्पक्ष जांच के निर्देश जारी किए हैं।

पुलिस जांच जारी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts