क्राइम: देहरादून में एडवोकेट की गोली मारकर हत्या। हिरासत में भाई, जांच जारी 

Dehradun Crime News: राजधानी देहरादून के पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित शिमला रोड के बुड्ढी गांव में देर रात एक अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या कर दिए जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू कर दी। हत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है, जबकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।

घर के भीतर गोली लगने से हुई मौत

जानकारी के अनुसार बुड्ढी गांव निवासी अधिवक्ता सोहेल देर रात अपने घर में मौजूद थे। उसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। दूसरे कमरे में मौजूद उनके भाई ने बाहर आकर देखा तो सोहेल खून से लथपथ हालत में फर्श पर पड़े थे।

गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने शुरू किए।

हत्या के बाद सड़क पर उतरे लोग, लगाया जाम

अधिवक्ता की हत्या से नाराज स्थानीय लोगों और परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शिमला बाईपास रोड पर शव रखकर प्रदर्शन किया। इस दौरान सड़क पर लंबा जाम लग गया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

CCTV फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर जांच

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून प्रमेन्द्र डोभाल भी मौके पर पहुंचे। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और क्षेत्र के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान जल्द सामने लाने के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।

भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में अज्ञात हमलावरों द्वारा गोली मारने की बात सामने आई है। पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है। मृतक के भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।  घटना के समय घर में वही मौजूद था, इसलिए उससे महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई जा रही है। हालांकि अभी तक किसी को आरोपी घोषित नहीं किया गया है और जांच जारी है।

इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा

हत्या की घटना के बाद बुड्ढी गांव और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस लगातार गश्त कर रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

Parvatjan Team
Parvatjan Team
Parvatjan Team is dedicated to delivering the latest, accurate, and reliable news from Uttarakhand. We cover local issues, administrative updates, public interest stories, and breaking news in a clear and simple manner.

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts