देहरादून, 28 जुलाई 2026। उत्तराखंड में लगातार सक्रिय मानसून को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 29 जुलाई के लिए कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश, तेज गर्जना और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद टिहरी गढ़वाल और बागेश्वर जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लेते हुए कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 29 जुलाई (बुधवार) को एक दिवसीय अवकाश घोषित कर दिया है।
IMD के ऑरेंज अलर्ट के बाद डीएम का बड़ा फैसला
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 29 जुलाई को राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली चमकने और तेज से अत्यंत तेज बारिश की संभावना जताई गई है। इसी को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्कूलों में अवकाश घोषित किया है।
टिहरी गढ़वाल में सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद
टिहरी गढ़वाल की जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत आदेश जारी करते हुए जनपद के सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12) तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 29 जुलाई 2026 को अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आदेश का कड़ाई से पालन किया जाए। यदि किसी विद्यालय द्वारा आदेश की अवहेलना की जाती है और किसी प्रकार की अप्रिय घटना होती है तो संबंधित प्रधानाचार्य एवं प्रबंधन के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बागेश्वर में भी 29 जुलाई को स्कूलों की छुट्टी
बागेश्वर जिला प्रशासन ने भी मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 29 जुलाई को अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने आदेश जारी करते हुए मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी (बाल विकास) को निर्देश दिए हैं कि आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

चंपावत में भी स्कूल बंद
चम्पावत जिला प्रशासन ने भी भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट के मद्देनज़र बड़ा फैसला लिया है। अपर जिला मजिस्ट्रेट एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण चम्पावत ने 29 जुलाई 2026 (बुधवार) को कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी राजकीय, परिषदीय, सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।

मौसम विभाग ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान कई इलाकों में तेज बारिश, जलभराव, भूस्खलन और नदी-नालों के उफान पर आने की आशंका जताई है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, पहाड़ी क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने और मौसम विभाग व जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।






