आराकोट/मोरी।23 अगस्त 2026,नीरज उत्तराखंडी
मोरी विकासखंड के आराकोट-बंगाणा क्षेत्र में स्कूल जा रही कक्षा नौ की 14 वर्षीय छात्रा को कथित रूप से जबरन वाहन में बैठाने का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और अभिभावकों में चिंता का माहौल है। छात्रा की सूझबूझ और साहस के चलते वह सुरक्षित बच सकी।
जानकारी के अनुसार, छात्रा शनिवार सुबह ग्राम ईशाली से आराकोट इंटर कॉलेज जा रही थी। इसी दौरान अज्ञात लोगों द्वारा उसे कथित तौर पर वाहन में बैठाने का प्रयास किया गया। छात्रा के विरोध और सूझबूझ से वह किसी तरह वहां से सुरक्षित निकल सकी।
घटना की लिखित सूचना पुलिस चौकी सनेल में देकर मामले की तत्काल जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। क्षेत्रवासियों ने पुलिस से उपलब्ध साक्ष्यों, संभावित सीसीटीवी फुटेज, वाहन की पहचान तथा प्रत्यक्षदर्शियों की जानकारी के आधार पर मामले की जांच कर संदिग्धों तक पहुंचने की मांग की है।
युवाओं ने बढ़ाई सतर्कता
घटना के बाद युवा नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता मनमोहन सिंह चौहान के नेतृत्व में क्षेत्र के युवाओं ने भी सतर्कता बढ़ाई है। युवाओं द्वारा आने-जाने वाले वाहनों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखकर पुलिस एवं प्रशासन को सूचना देने का प्रयास किया जा रहा है।
स्कूल मार्गों पर सुरक्षा की मांग
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से आराकोट-बंगाणा क्षेत्र में तत्काल पुलिस बैरियर लगाने और नियमित वाहन चेकिंग शुरू करने की मांग की है। इसके साथ ही स्कूल आने-जाने वाले मार्गों पर पुलिस गश्त बढ़ाने, संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की नियमानुसार जांच करने तथा घटना की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों की पहचान सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि दूरस्थ क्षेत्रों में छात्र-छात्राओं, विशेषकर नाबालिग बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर ठोस व्यवस्था जरूरी है। स्कूल आने-जाने वाले मार्गों पर नियमित निगरानी और प्रभावी पुलिस गश्त से ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने में मदद मिल सकती है।


