लंढौरा (हरिद्वार):
“स्वस्थ गांव, सशक्त समाज” की भावना को साकार करते हुए श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल, देहरादून की ओर से भूकंपुर गांव, लंढौरा में एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर (Free Health Camp) का आयोजन किया गया।
इस स्वास्थ्य शिविर में 565 ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी जांच कराई, साथ ही निःशुल्क चिकित्सीय परामर्श और दवाइयों का लाभ भी उठाया।
आदिल फरीदी और ग्राम प्रधान ने किया शुभारंभ
सोमवार को कैंप का शुभारंभ वरिष्ठ समाजसेवी आदिल फरीदी और ग्राम प्रधान सबदर प्रधान ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर आदिल फरीदी ने कहा कि “श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के चेयरमैन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज के मार्गदर्शन में ग्रामीण इलाकों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना एक सराहनीय पहल है। आज लंढौरा क्षेत्र के लोगों ने इस मुहिम का सीधा लाभ उठाया।”
उन्होंने अस्पताल प्रबंधन का आभार जताते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएं।
ग्राम प्रधान सबदर प्रधान ने कहा कि “श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल का उद्देश्य है कि हर गांव और समुदाय तक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं पहुंचे, ताकि कोई भी व्यक्ति स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे।”
विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने दी चिकित्सा सेवाएं
कैंप में अस्पताल के विभिन्न विभागों से विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने ग्रामीणों की जांच की।
- मेडिसिन विभाग से डॉ. दीपशिखा,
- स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग से डॉ. अंशिका,
- नेत्र रोग विभाग से डॉ. श्रेष्ठा,
- नाक-कान-गला विभाग से डॉ. शैफाली चंदेल,
- त्वचा एवं यौन रोग विभाग से डॉ. राहुल सिहाग,
- शिशु एवं बाल रोग विभाग से डॉ. शोभा,
- तथा सर्जरी विभाग से डॉ. सौरभ गम्भीर ने मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिए।
शिविर में ग्रामीणों के लिए ईसीजी, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर जैसी जांचें पूरी तरह निःशुल्क की गईं। जरूरतमंद मरीजों को फ्री मेडिसिन्स भी दी गईं।
शिविर से मिली जागरूकता
इस स्वास्थ्य शिविर ने ग्रामीणों को न केवल स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया, बल्कि यह संदेश भी दिया कि “स्वस्थ तन में ही स्वस्थ मन और उज्ज्वल भविष्य बसता है।”
कार्यक्रम में कई लोगों का रहा योगदान
कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्राम प्रधान सबदर प्रधान, तैमूर भाई, सुमित प्रजापति और श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के जनसंपर्क अधिकारी विवेक शर्मा का विशेष योगदान रहा।



