नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए राष्ट्रीय पदाधिकारियों और विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के लिए नई नियुक्तियों का ऐलान कर दिया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की ओर से 17 अगस्त 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
नई टीम में उत्तराखंड को भी महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिला है। पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनिल बलूनी को मीडिया संयोजक और महेंद्र पांडे को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा आलोक भट्ट को सोशल मीडिया सह-संयोजक बनाया गया है।
तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की सूची में उनके साथ राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, राम माधव, बैजयंत जय पांडा, डी. पुरंदेश्वरी समेत कई वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है। तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने को उत्तराखंड भाजपा के लिहाज से अहम नियुक्ति माना जा रहा है।
अनिल बलूनी बने भाजपा के मीडिया संयोजक
उत्तराखंड से राज्यसभा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री रहे अनिल बलूनी को पार्टी ने राष्ट्रीय मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी के मीडिया संगठन की कमान मिलने के बाद राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा के मीडिया प्रबंधन में उनकी भूमिका अहम होगी। मीडिया सह संयोजकों में मध्य प्रदेश के आशीष उषा अग्रवाल, दिल्ली के प्रदीप भंडारी और सिद्धार्थ यादव को जिम्मेदारी दी गई है।
महेंद्र पांडे को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री बनाया
भाजपा ने उत्तराखंड के महेंद्र पांडे को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री नियुक्त किया है। राष्ट्रीय संगठन के कामकाज में कार्यालय से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां उनके पास रहेंगी। वहीं आलोक भट्ट को सोशल मीडिया सह-संयोजक बनाया गया है। सोशल मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी दीपक म्हस्के को दी गई है, जबकि प्रीति गांधी और शिवानंद द्विवेदी सोशल मीडिया सह-संयोजक होंगे।
बीएल संतोष राष्ट्रीय महामंत्री संगठन, शिवप्रकाश और सौदान सिंह को सह महामंत्री संगठन
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में बीएल संतोष को राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं शिवप्रकाश और सौदान सिंह को राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। संगठन की इस शीर्ष व्यवस्था में पार्टी के रणनीतिक और संगठनात्मक कामकाज को आगे बढ़ाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी रहेगी।
स्मृति ईरानी समेत आठ नेताओं को राष्ट्रीय महामंत्री
राष्ट्रीय महामंत्रियों की सूची में विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, स्मृति ईरानी, डॉ. सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को शामिल किया गया है। भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की वापसी को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी
भाजपा ने महाराष्ट्र से आने वाले पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं राजस्थान के राजेश मंगल को राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष बनाया गया है। पंजाब के तरुण चुघ को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मोर्चों की कमान भी तय
भाजपा ने पार्टी के विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों की भी घोषणा कर दी है। युवा मोर्चा की जिम्मेदारी गुजरात के डॉ. हेमांग जोशी को, महिला मोर्चा की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ की रूप कुमारी चौधरी को, ओबीसी मोर्चा की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश के अमरपाल मौर्य को और किसान मोर्चा की कमान मध्य प्रदेश के बंसीलाल गुर्जर को दी गई है।
इसी तरह एससी मोर्चा के अध्यक्ष बिहार के शिवेश कुमार राम, एसटी मोर्चा के अध्यक्ष राजस्थान के डॉ. मन्नालाल रावत और अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष उत्तर प्रदेश के कुंवर बासित अली होंगे।
नॉर्थ ईस्ट से लेकर मीडिया और सोशल मीडिया तक नई जिम्मेदारियां
भाजपा ने संगठनात्मक स्तर पर नॉर्थ ईस्ट की जिम्मेदारी भी तय की है। ओडिशा के डॉ. संबित पात्रा को नॉर्थ ईस्ट संयोजक और दिल्ली के राजीव बब्बर को सह-संयोजक बनाया गया है। प्रकोष्ठ संकुल संयोजक की जिम्मेदारी मध्य प्रदेश के विष्णु दत्त शर्मा को और सह-संयोजक की जिम्मेदारी बिहार के ऋतुराज सिन्हा तथा आंध्र प्रदेश के विष्णु वर्धन रेड्डी को दी गई है।
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में संगठन, मीडिया, सोशल मीडिया और विभिन्न मोर्चों को अलग-अलग स्तर पर जिम्मेदारियां देकर पार्टी ने आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों के लिए अपनी टीम को स्पष्ट रूप से तैयार किया है। उत्तराखंड से तीरथ सिंह रावत, अनिल बलूनी, महेंद्र पांडे और आलोक भट्ट को राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी मिलना प्रदेश भाजपा के लिए खास तौर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
देंखे लिस्ट :








