मोरी/उत्तरकाशी, 15 सितंबर। नीरज उत्तराखंडी
तहसील मोरी के ग्राम खन्यासणी मोटर मार्ग पर मंगलवार शाम एक बोलेरो पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन सवार उपेन्द्र सिंह (52), निवासी हड़वाड़ी की घटनास्थल पर ही मौत होने की सूचना है, जबकि वाहन चालक समेत 11 लोग घायल बताए गए हैं।
जनपद आपातकालीन परिचालन केंद्र उत्तरकाशी की ओर से रात 10 बजे जारी सूचना के अनुसार दुर्घटना 15 सितंबर की शाम करीब पांच बजे हुई। बोलेरो पिकअप वाहन संख्या यूके-07-सी-5821 में चालक सहित कुल 12 लोग सवार थे। वाहन के गहरी खाई में गिरने की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें मौके पर पहुंचीं और सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
खाई से निकालकर मोरी अस्पताल पहुंचाए गए घायल
रेस्क्यू टीमों ने खाई में फंसे घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। सभी घायलों को 108 आपातकालीन सेवा के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोरी पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद नौ घायलों को बेहतर उपचार के लिए दून चिकित्सालय, देहरादून रेफर किया गया है। दो अन्य घायल—वाहन चालक अनिल तथा योगेश—को भी मोरी अस्पताल लाए जाने की सूचना आपातकालीन केंद्र की रिपोर्ट में दर्ज है।
हादसे में घायल हुए लोग
आपातकालीन परिचालन केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार घायलों में—
1. मस्तू (45) पुत्र जीवा सिंह, हड़वाड़ी
2. अरविंद सिंह (23) पुत्र जयपाल सिंह, बरी
3. रमेश (40) पुत्र चंद्र सिंह, बरी
4. राधा (28) पत्नी अनिल, पुजेली
5. साइकिलू (35) पुत्र अमरू, हड़वाड़ी
6. जगमोहन (50) पुत्र राम सिंह, हड़वाड़ी
7. शिशपाली (32) पत्नी साइकिलू, हड़वाड़ी
8. माधी देवी (35) पत्नी हरिलाल, पुजेली
9. अनिल, वाहन चालक
10. केदार (60) पुत्र जड़ियान सिंह, हड़वाड़ी
11. योगेश
शामिल हैं। रिपोर्ट के अनुसार नौ घायलों को दून चिकित्सालय के लिए रेफर किया गया है।
रेस्क्यू अभियान पूरा, टीमें लौटीं
हादसे की सूचना के बाद पुलिस, एसडीआरएफ और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों ने मौके पर खोजबीन एवं बचाव अभियान चलाया। घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद सभी संयुक्त रेस्क्यू टीमें घटनास्थल से वापस लौट गईं।
हादसे के कारणों का तत्काल स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। प्रारंभिक जानकारी में वाहन के अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिरने की बात सामने आई है। पुलिस स्तर से दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।


