टिहरी/ऋषिकेश: उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले से शुक्रवार देर शाम दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। भद्रकाली-ढालवाला मार्ग पर एक यात्री बस अचानक बेकाबू होकर सड़क पर पलट गई।
हादसे के दौरान सड़क किनारे से गुजर रहे स्कूटी सवार दो लोग भी बस की चपेट में आ गए। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। बस में करीब 50 से 55 यात्री सवार बताए जा रहे हैं, जो दिल्ली के रहने वाले थे।
नीलकंठ दर्शन कर लौट रहे थे यात्री
जानकारी के मुताबिक, बस में सवार सभी यात्री ऋषिकेश के नीलकंठ महादेव मंदिर से दर्शन कर वापस लौट रहे थे। शुक्रवार, 28 अगस्त की देर शाम जब बस ढालवाला के पास पहुंची, तभी चालक बस को नियंत्रित नहीं कर पाया और बस बेकाबू होकर सड़क पर पलट गई।
प्रारंभिक जानकारी में हादसे की वजह अचानक ब्रेक फेल होना बताई जा रही है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुलिस जांच कर रही है।
बस की चपेट में आए स्कूटी सवार, अस्पताल में मौत
बस के पलटने के दौरान सड़क किनारे से गुजर रहे स्कूटी सवार दो लोग इसकी चपेट में आ गए। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया, लेकिन उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस उनकी शिनाख्त के प्रयास में जुटी है।
बस में सवार कई यात्री भी घायल
हादसे में बस में सवार कई यात्रियों के घायल होने की सूचना है। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सरकारी अस्पताल ऋषिकेश भेजा गया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस बल भी घटनास्थल पर मौजूद रहा और राहत-बचाव कार्य में सहयोग किया।
पुलिस के अनुसार हादसे में शामिल बस का नंबर RJ 18 PB 1409 है। बस 60 सीटर बताई गई है।
चालक के मुताबिक, ढालवाला के पास अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए, जिसके बाद बस बेकाबू होकर सड़क पर पलट गई। इसी दौरान सड़क किनारे जा रहे दो स्कूटी सवार भी बस की चपेट में आ गए।
पुलिस ने हादसे के संबंध में आवश्यक अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों और बस में सवार यात्रियों की स्थिति को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।


