रुड़की/देहरादून। उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विजिलेंस टीम को एक और बड़ी सफलता मिली है। हरिद्वार जिले की रुड़की तहसील में तहसीलदार कार्यालय में पेशकार का कार्य देख रहे एक पीआरडी जवान को विजिलेंस ने 4500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर जमीन के दाखिल-खारिज की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
दाखिल-खारिज के बदले मांगी थी रिश्वत
सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) के अनुसार, एक शिकायतकर्ता ने टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि रुड़की तहसील में तहसीलदार के पेशकार का कार्य देख रहे पीआरडी कर्मी ने शिकायतकर्ता की बहन की भूमि के दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) को रजिस्टर में दर्ज कराने के बदले 4500 रुपये रिश्वत की मांग की थी।
जांच में सही मिली शिकायत, बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ने मामले का सत्यापन कराया। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर विजिलेंस थाने में मुकदमा दर्ज किया गया और आरोपी को पकड़ने के लिए विशेष ट्रैप टीम गठित की गई।
शुक्रवार को विजिलेंस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को रिश्वत की रकम लेते हुए पकड़ लिया।
रिश्वत लेकर दूसरे व्यक्ति को थमाई रकम
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ने रिश्वत की रकम लेने के बाद उसे एक अज्ञात व्यक्ति को देकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की। हालांकि, टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार,गिरफ्तार आरोपी की पहचान संदीप कुमार के रूप में हुई है, जो पीआरडी कर्मी के रूप में संविदा पर तैनात था और वर्तमान में तहसीलदार कार्यालय रुड़की में कार्यरत था।
घटना के वक्त का एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा हैं जिसमें दावा किया जा रहा है कि विजिलेंस की कार्यवाही के समय वहां हंगामा हो गया था।
देखिए वीडियो:
भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी रहेगा अभियान
विजिलेंस विभाग ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्यालयों में रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार के मामलों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। विभाग ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना टोल फ्री नंबर 1064 पर दें।
विजिलेंस की कार्रवाई से मचा हड़कंप
रुड़की तहसील में हुई इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग और संबंधित कार्यालयों में हड़कंप मच गया है। विजिलेंस अब मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि रिश्वतखोरी के इस नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।
सम्बंधित खबरें:
- ब्रेकिंग: IFS संजीव चतुर्वेदी के समर्थन में उतरी Cockroach Janta Party। लोकपाल में नियुक्ति को बताया भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ा कदम
- मौसम (ब्रेकिंग): आज भी बिगड़ा रहेगा मौसम। देहरादून समेत कई जिलों में बारिश-बिजली का अलर्ट
- खुद को बताया उत्तराखंड के CM का दामाद। प्रॉपर्टी डील के नाम पर 50 लाख की महाठगी; जानें पूरा मामला
- एक्शन: हरिद्वार भूमि खरीद घोटाले में तत्कालीन नगर आयुक्त की बर्खास्तगी की संस्तुति, पूर्व डीएम पर भी गिरेगी गाज





