मसूरी-कीमाड़ी मार्ग पर एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हाथीपांव से करीब तीन किलोमीटर आगे झरने के पास रविवार को एक बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों और नियमित रूप से इस मार्ग का उपयोग करने वाले वाहन चालकों ने सड़क की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताई है।
हादसे में बाइक सवार की मौत
पुलिस के अनुसार, सिटी कंट्रोल 112 के माध्यम से दुर्घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली मसूरी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल युवक को 108 एंबुलेंस की सहायता से सिविल अस्पताल मसूरी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मृत युवक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
- ब्रेकिंग: देहरादून में तेज बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी। IMD अलर्ट
- बड़ी खबर : जंगल में पेड़ से लटका मिला 45 वर्षीय व्यक्ति का शव । पुलिस जांच में जुटी
- Uttarakhand Weather Alert: इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी । IMD अलर्ट
सड़क की बदहाल स्थिति पर उठे सवाल
स्थानीय निवासीयों का कहना है कि हाथीपांव से कीमाड़ी जाने वाला मार्ग लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। बरसात के दौरान कई स्थानों पर झरनों का पानी सीधे सड़क पर बहता है, जिससे सड़क अत्यधिक फिसलन भरी हो जाती है। इसके अलावा जगह-जगह गड्ढे, टूटी सड़क और कमजोर किनारे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर पहले भी कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं, लेकिन स्थायी सुधार के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उनका आरोप है कि बरसात शुरू होते ही सड़क की स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती है।
यह मार्ग प्राकृतिक झरनों और खूबसूरत वादियों के कारण पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय माना जाता है। विशेषकर पर्यटन सीजन में बड़ी संख्या में बाइक और कार सवार यहां पहुंचते हैं, जिससे खराब सड़क और सुरक्षा इंतजामों की कमी दुर्घटनाओं की आशंका को और बढ़ा देती है।
पुलिस के अनुसार,दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसा केवल फिसलन के कारण हुआ या इसमें अन्य कोई कारण भी शामिल था।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग (PWD) से कीमाड़ी मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। उन्होंने फिसलन वाले स्थानों पर चेतावनी बोर्ड, क्रैश बैरियर और प्रभावी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।







