देहरादून: जोगीवाला स्थित मॉल परिसर में डिलीवरी देने पहुंचे डिलीवरी बॉय से मारपीट और गाली-गलौज करने के मामले में नेहरू कॉलोनी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सामने आया।
पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर की रात सूचना मिली थी कि मॉल परिसर में एक व्यक्ति शराब के नशे में हंगामा कर रहा है और डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट कर रहा है। सूचना पर नेहरू कॉलोनी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को समझाने का प्रयास किया।
समझाने पर भी नहीं माना, पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, मौके पर पहुंची टीम ने आरोपी को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह उग्र हो गया। शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को धारा 170 BNS के तहत गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान महेंद्र सिंह (45) के रूप में हुई है। वह मॉल में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्य करता है।
डिलीवरी बॉय से बहस के बाद मारपीट
पुलिस के मुताबिक, डिलीवरी देने पहुंचे डिलीवरी बॉय और आरोपी के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई थी। इसी दौरान आरोपी ने डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट और गाली-गलौज की।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद मामले ने ध्यान खींचा।


