Uttarakhand News: जिलाधिकारी स्वाती एस भदौरिया (Swati S Bhadauria) ने मंगलवार को जल संस्थान कार्यालय का औचक निरीक्षण कर अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मचा दिया।
निरीक्षण के दौरान कार्यालय व्यवस्थाओं, शिकायत निस्तारण प्रणाली, कर्मचारियों की उपस्थिति और फील्ड में चल रहे कार्यों की जमीनी हकीकत की जांच की गई।
वीडियो कॉल में घर पर मिला JE
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी स्वाती एस भदौरिया (Swati S Bhadauria) ने क्षेत्रीय स्तर पर कार्यरत एक कनिष्ठ अभियंता (JE) से वीडियो कॉल के माध्यम से संपर्क किया। लेकिन ड्यूटी समय में संबंधित जेई अपने घर पर मौजूद मिला।
इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित जेई के खिलाफ तत्काल प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने के निर्देश दिए।
अधीक्षण अभियंता मिले गायब, एक दिन का वेतन रोका
औचक निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता भी कार्यालय से अनुपस्थित पाए गए। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने उनका एक दिन का वेतन बाधित करने और स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।
कंट्रोल रूम नंबर बाहर लगाने के निर्देश
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर को कार्यालय परिसर के बाहर प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए, ताकि आम जनता आसानी से शिकायत दर्ज करा सके।
शिकायत निस्तारण व्यवस्था की जांच
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने डिस्पैच रूम, अधिष्ठान, लेखा अनुभाग, कंप्यूटर सेक्शन और पेयजल शिकायत अनुभाग का भी निरीक्षण किया। उन्होंने शिकायतों के पंजीकरण, निस्तारण की समयसीमा, कर्मचारियों की जिम्मेदारी और मॉनिटरिंग व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली।
जनप्रतिनिधियों को भी दी जाए सूचना
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन क्षेत्रों में शिकायतों के समाधान के लिए कर्मचारी भेजे जा रहे हैं, उसकी जानकारी संबंधित जनप्रतिनिधियों और ग्राम स्तर के जिम्मेदार लोगों को भी दी जाए।
इसके साथ ही कार्यालय परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश भी जारी किए गए, ताकि कार्यप्रणाली की बेहतर निगरानी की जा सके।




