पुरोला/उत्तरकाशी, 14 सितंबर। नीरज उत्तराखंडी
नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुरोला पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में वांछित महिला आरोपी मैराज को देहरादून के सहसपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ उत्तरकाशी और देहरादून जनपद में एनडीपीएस, गैंगस्टर, गुंडा अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
मई 2026 में डामटा बैरियर पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो युवकों को अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया था। थाना पुरोला में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान सहसपुर निवासी मैराज की कथित संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत साक्ष्य जुटाए।
पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष पुरोला दीपक कठैत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार सुरागरसी-पतारसी के बाद 13 सितंबर को खुशहालपुर चौक, सहसपुर से मैराज को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार महिला लंबे समय से नशे के अवैध कारोबार में सक्रिय रही है और पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के मामलों में गिरफ्तार हो चुकी है। पुलिस अब मामले में नशा तस्करी की पूरी श्रृंखला तक पहुंचने के लिए आगे की जांच कर रही है।
13 मुकदमों का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार मैराज के खिलाफ वर्ष 2017 से 2026 तक एनडीपीएस एक्ट के कई मामलों समेत कुल 13 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें सहसपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट के कई मामले, वर्ष 2022 का गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा, वर्ष 2025 में बड़कोट और विकासनगर में दर्ज एनडीपीएस के मामले तथा वर्ष 2026 में सहसपुर, उत्तरकाशी और पुरोला में दर्ज मामले शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपी: मैराज पत्नी मुस्तकीम, निवासी खुशहालपुर, थाना सहसपुर, देहरादून, उम्र 48 वर्ष।
पुलिस टीम: चौकी प्रभारी नौगांव उपनिरीक्षक भूपेंद्र सिंह, कांस्टेबल देवेंद्र कुमार और महिला कांस्टेबल रिंकी।


