एक्शन: वन विभाग ने पकड़ा देवदार की लकड़ी से भरा वाहन।चालक फरार, मुकदमा दर्ज

बड़कोट/उत्तरकाशी, 14 मई 2026
रिपोर्ट -नीरज उत्तराखंडी
अपर यमुना वन प्रभाग के अंतर्गत अवैध वन गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वन विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए देवदार की अवैध लकड़ी से भरे एक वाहन को पकड़ा है। वाहन से देवदार के आठ अवैध स्लीपर बरामद किए गए हैं, जबकि चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।

प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) रविंद्र पुंडीर के निर्देशन में वन विभाग द्वारा लगातार अवैध कटान, तस्करी और वन संपदा के दोहन के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 12 मई 2026 की रात लगभग 8:30 बजे वन विभाग की गश्ती टीम बिशाड़ गांव मोटरमार्ग पर नियमित चेकिंग कर रही थी।

इस दौरान टीम ने संदिग्ध वाहन संख्या UK07 CB 9288 को जांच के लिए रुकने का संकेत दिया। वाहन चालक ने वाहन तो रोक दिया, लेकिन अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने वाहन की तलाशी ली, जिसमें देवदार के 08 अवैध स्लीपर बरामद हुए।

वन क्षेत्राधिकारी रवाई शेखर सिंह राणा ने बताया कि फरार वाहन चालक के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत वन अपराध पंजीकृत कर लिया गया है। बरामद लकड़ी सहित वाहन को विभागीय कब्जे में लेकर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वन संपदा की तस्करी और अवैध कटान किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई कर रहा है और भविष्य में भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

इस कार्रवाई में वन दरोगा हरिमोहन राणा, वन बीट अधिकारी सुरेंद्र चौहान, अजीत चौहान, वाहन चालक राजवीर तथा अन्य वनकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वन विभाग की इस तत्पर कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

Parvatjan Team
Parvatjan Team
Parvatjan Team is dedicated to delivering the latest, accurate, and reliable news from Uttarakhand. We cover local issues, administrative updates, public interest stories, and breaking news in a clear and simple manner.

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts