- मोरी क्षेत्र में बाइक-स्कूटी की टक्कर और बाइक दुर्घटना में हुए घायल, हेलिकॉप्टर से देहरादून रेफर
मोरी/पुरोला। नीरज उत्तराखंडी
मोरी क्षेत्र में दो दिन के भीतर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मोरी में प्राथमिक उपचार देने के बाद हेलिकॉप्टर सेवा के माध्यम से देहरादून स्थित हायर सेंटर रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार देर शाम मोरी-त्यूणी मोटर मार्ग पर मोरा के पास मोरा गांव निवासी संजय बाइक से गिरकर घायल हो गया। दुर्घटना के बाद परिजन उसे रात में सीएचसी मोरी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया।
वहीं, बुधवार दोपहर बाद मोरी मुख्य बाजार में बाइक और स्कूटी की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बिहार निवासी सुशील कुमार समेत तीन युवक घायल हुए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सभी घायलों को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सीएचसी मोरी पहुंचाया गया।
सीएचसी प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. नितेश रावत ने बताया कि दोनों हादसों में घायल चारों युवकों की स्थिति गंभीर थी। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर उपचार के लिए हेलिकॉप्टर सेवा से देहरादून हायर सेंटर रेफर किया गया।
लगातार दो सड़क हादसों में चार युवकों के गंभीर घायल होने से क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और वाहन संचालन को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, तेज गति और नशे में वाहन न चलाने की अपील की है।






