Dehradun Crime News: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दशहरा ग्राउंड में घूमने आए दो दोस्तों के बीच हुई कहासुनी देखते ही देखते खूनी झड़प में बदल गई। आरोप है कि एक युवक ने अपने ही दोस्त के पेट में किसी नुकीली वस्तु से वार कर दिया और मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घूमने आए थे देहरादून, विवाद के बाद हुआ हमला
पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम प्रेमनगर थाना पुलिस को सूचना मिली कि दशहरा ग्राउंड में एक युवक पर नुकीली वस्तु से हमला किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई।
घायल की पहचान कृष्णा मलिक (25 वर्ष) निवासी ग्राम कज्जीखेड़ा, जनपद मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
घायल के साथी नितिन ने पुलिस को बताया कि कृष्णा मलिक और उसका मित्र शिवानंद उर्फ शिवा, निवासी सिसोली, मुजफ्फरनगर, शनिवार को देहरादून घूमने आए थे। शाम करीब छह बजे दोनों प्रेमनगर स्थित दशहरा ग्राउंड पहुंचे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच हाथापाई होने लगी। इसी दौरान शिवानंद उर्फ शिवा ने कथित तौर पर किसी नुकीली वस्तु से कृष्णा मलिक के पेट पर वार कर दिया। हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
ये खबरें भी पढ़े:
- बड़ी खबर : देहरादून में कार वर्कशॉप में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ । महिला समेत 6 लोगों पर मुकदमा दर्ज
- एक्शन : एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के आदेशों पर देहरादून-ऋषिकेश में फिर कई अवैध भवन सील
- बड़ी खबर: सोशल मीडिया पर छाया हैशटैग DhamiKe5Saal, बना देश का नंबर-1 पॉलिटिकल ट्रेंड
- बड़ी खबर: धुरंधर धामी के पाँच साल बेमिशाल । पढ़िए पाँच बड़ी उपलब्धियाँ
- आज का मौसम: देहरादून समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बरसेंगे बादल। इस दिन तक बदले-बदले रहेंगे मौसम के तेवर
- हादसा: क्लासरूम में पढ़ाई के दौरान छात्र के सिर पर गिरा पंखा । खून से लथपथ हुआ छात्र
गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को तत्काल प्रेमनगर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर चोटों को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। चिकित्सकों के मुताबिक फिलहाल घायल की हालत स्थिर बनी हुई है और उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रेमनगर पुलिस ने घायल के परिजनों को मामले की जानकारी दे दी। वहीं फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। इसके अलावा अन्य तकनीकी और स्थानीय माध्यमों से भी आरोपी की तलाश की जा रही है।
जल्द होगी गिरफ्तारी, हथियार भी होगा बरामद
प्रेमनगर पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान हो चुकी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त नुकीला हथियार भी बरामद किया जाएगा। मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।





